गाजियाबाद
मिशन शक्ति 5.0 का शुभारंभ: मेधावी छात्राओं को किया गया सम्मानित


- कौशल विकास के अंतर्गत सिलाई कला कोर्स का शुभारंभ
- पुरातन छात्र बने कंपोजिट विद्यालय असालतनगर के ब्रांड एंबेसडर
गाजियाबाद। कंपोजिट विद्यालय असालतनगर में सत्यमेव जयते यूएसए एवं उजाला समिति के संयुक्त तत्वावधान में मिशन शक्ति 5.0 के शुभारंभ के अवसर पर प्रथम पुरातन छात्र मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ.पी. यादव,पूर्व ब्लाक प्रमुख रमेश चंद त्यागी,खण्ड शिक्षा अधिकारी जमुना प्रसाद,जिला समन्वयक बालिका कुणाल मुद्गल, जनपद जेंडर नोडल पूनम शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष अमित यादव, उजाला समिति के अध्यक्ष नीलम शर्मा द्वारा दीप प्रज्जवलित करके किया गया। इसमें कक्षा दसवीं एवं 12वीं में प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होने पर 10 बालिकाओं को सम्मान प्रतीक एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के बच्चों को ग्रीन टी-शर्ट वितरित की गई। अंतरराष्ट्रीय संस्था सत्यमेव जयते यूएसए के सौजन्य से तीन बालिकाओं को गिफ्ट, प्रमाण पत्र एवं 1100-1100 की धनराशि एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ.पी.यादव ने कहा जीवन कौशल विकास आधारित अन्य गतिविधियां न केवल बालिकाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने,बल्कि एक विकसित समाज एवं देश का निर्माण करने में भी सहायक है। पूर्व ब्लाक प्रमुख रमेश चंद त्यागी ने विद्यालय के समस्त स्टाफ की सराहना की। खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि पुरातन छात्र विद्यालय के अन्य बच्चों को भी प्रेरित करें एवं नामांकन में वृद्धि करने में भी सहायक हों। जिला समन्वयक बालिका शिक्षा कुणाल मुद्गल ने बालिकाओं को प्राथमिक स्तर से ही निडर एवं साहसी बनाने के लिए मीना मंच को एक सशक्त माध्यम बताया। जनपद जेंडर नोडल पूनम शर्मा ने पुरातन छात्रों को विद्यालय के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करने के लिए कहा।
उजाला समिति के अध्यक्ष प्रो.नीलम शर्मा ने ने बालिकाओं को शिक्षा का महत्व बताते हुए उनकी करियर काउंसलिंग की और भविष्य में सहयोग करते रहने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम की संयोजिका रेनू चौधरी ने पुरातन छात्रों को विद्यालय का ब्रांड एंबेसडर बताते हुए विद्यालय के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कहा सभी बच्चों को 5-5 नामांकन कराने का भी लक्ष्य दिया। छात्राओं ने कौशल विकास के अंतर्गत संचालित होने वाले सिलाई कला कोर्स में अपना नामांकन कराया। कोर्स पूर्ण होने पर प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा। सम्मान समारोह में ममता त्यागी,नीलम शर्मा, उषा शर्मा, रितु त्यागी,अरुणिमा त्यागी एवं विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।



