स्वर्गीय मनमोहन गोयल औद्योगिक क्षेत्र गुलधर-दुहाई का महापौर सुनीता दयाल ने किया लोकार्पण

गाजियाबाद। नगर निगम, गाजियाबाद द्वारा गुलधर- दुहाई औद्योगिक क्षेत्र का नाम स्वर्गीय मनमोहन गोयल के नाम पर रखा गया है। सोमवार को इसका लोकार्पण और नामपट्ट का अनावरण किया गया। उसके पश्चात एचएलएम कॉलेज के प्रांगण में हुए कार्यक्रम में महापौर सुनीता दयाल, विधायक अजीत पाल त्यागी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने स्वर्गीय मनमोहन गोयल के जीवन के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। सभी वक्ताओं ने उनको महान समाजसेवी और दानदाता कहकर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। स्वर्गीय मनमोहन गोयल की धर्मपत्नी श्रीमती पुष्पा रानी गोयल ने भी उनके साथ अपने 64 वर्षीय वैवाहिक जीवन के कुछ संस्मरण रखे। मनमोहन गोयल का जन्म 21 अक्टूबर 1938 और स्वर्गवास 21 जनवरी 2024 को हुआ था। मनमोहन गोयल उन उद्योगपत्तियों में से थे जिन्होंने गाजियाबाद को औद्योगिक नगरी की पहचान दिलाने में अग्रणी भूमिका निभायी थी। स्वर्गीय मनमोहन गोयल के 40 वर्षों (1963-2003) के अथक प्रयास से गुलधर से मुरादनगर आॅर्डिनेन्स फैक्ट्री के मोड़ तक का मेरठ रोड एवं रेलवे लाईन के बीच का सम्पूर्ण क्षेत्र जीडीए द्वारा अपने मास्टर प्लान 2021 (जो की 2003 में ही पब्लिश हुआ था) में औद्योगिक घोषित किया गया था। एक अकेले व्यक्ति के प्रयासों से इतने बड़े क्षेत्र का लैंड यूज चेंज होना अपने आप में विस्मयकारी था। इस कई किलोमीटर के क्षेत्र के लैंड यूज के औद्योगिक होने से इस क्षेत्र में लगभग 1000 उद्योग वर्तमान में पुष्पित- पल्लवित हो रहे हैं और लगातार नये भी लग रहे हैं।
अनिल गर्ग, ज्ञान प्रकाश गोयल का इस कार्य में मदद के लिए गोयल परिवार ने धन्यवाद किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार सलामत मियां, सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन ललित जायसवाल, एचएलएम के एमडी सुनील मिगलानी, हिन्दी भवन समिति के अध्यक्ष सुभाष गर्ग, पूर्व विधायक कृष्णवीर सिरोही, उद्यमी आईसी अग्रवाल, आदि नारायण गुप्ता, सुशील अरोड़ा, संजीव सचदेवा, सौरभ मित्तल, अमरीश गोयल, दीपक गुप्ता, अरुण शर्मा, अनिल गुप्ता, मनजीत सिंह, मनोज शर्मा, रोहिताश गुलाटी, संजय टिबरेवाल, मनोज भाटिया, सुनील त्यागी, अजीत सिंह नंदा, अनिल गर्ग, अनिल सांवरिया, नीरज चौधरी, राकेश छारिया, प्रीतपाल सिंह, मंजीत सिंह, राकेश स्वामी सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। स्वर्गीय मनमोहन गोयल के परिवार ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया।
दुहाई में 1963 में भारत उद्योग के नाम से स्वर्गीय मनमोहन गोयल ने लगाई थी पहली फैक्ट्री
गाजियाबाद से मोदीनगर तक के सारे क्षेत्र की पहली फैक्ट्री (भारत उद्योग) ग्राम दुहाई में 1963 में स्वर्गीय मनमोहन गोयल ने लगायी थी तथा मुरादनगर 220 के वी बिजलीघर से दुहाई तक की 6 किमी लम्बी बिजली की लाईन भी स्वर्गीय मनमोहन गोयल ने ही कई-कई बार अपने खर्चे पर बनवायी थी। आज भी मुरादनगर 220 केवी बिजलीघर से दुहाई तक के सैकड़ों औद्योगिक संस्थान, सभी प्रशिक्षण संस्थान (काईट, आईटीएस डेन्टल कॉलेज, एच एल एम कॉलेज, सरकारी आईटीआई, आरडी इंजीनियरिंग कॉलेज सहित) एवं यहां तक कि ईस्टर्न पैरीफेरल एक्सप्रेस वे की विद्युत आपूर्ति भी उसी बिजली घर से हो रही है जिसके लिये स्वर्गीय मनमोहन गोयल ने हाईवे पर स्थित अपनी व्यक्तिगत करोड़ों की जमीन दी हुयी है तथा इस बिजलीघर के निर्माण का खर्चा एवं मुरादनगर 220 बिजलीधर से 6 किमी लम्बे 33 केवी फीडर का खर्चा भी स्वयं ही वहन करा था, जिसकी आज कीमत कई करोड़ों रुपए है। यह बिजलीघर आज भी स्वर्गीय मनमोहन गोयल की व्यक्तिगत जमीन पर स्थित है।
उद्योगों के विकास के लिए अपनी जमीन से दिया था रास्ता
अपनी जमीन से लैंडलौक्ड काफी बड़े क्षेत्र में औद्योगिक प्लॉटिंग और विकास हो सके इसके लिये भी स्वर्गीय मनमोहन गोयल ने अपनी व्यक्तिगत जमीन से रास्ता दिया था जिसकी वजह से इस क्षेत्र में 150 से अधिक नये उद्योग आ सके। इन सभी उद्योगों को विद्युत सप्लाई भी उसी बिजलीघर से मिल रही है। आज तक इस पूरे क्षेत्र में लोकल सिविक एंजेसीज द्वारा कोई भी विकास कार्य या उसके लिये कोई खर्चा नहीं किया गया है। स्वर्गीय मनमोहन गोयल ने व्यक्तिगत तौर पर ही कई किलोमीटर के क्षेत्र के विकास के लिये 1963 से अथक प्रयास किये, करोड़ों रुपए खर्च किये तथा पूरे क्षेत्र का विकास कराया। इसकी वजह से इस क्षेत्र में सैकड़ों बड़े-छोटे उद्योग तथा कई बड़े-छोटे शिक्षण संस्थान फल फूल रहे हैं तथा यह क्षेत्र नित नवीन विकास की ओर अग्रसित है।
उद्यमी भी समाजसेवी भी और राजनीतिक आयामों को भी छुआ
स्वर्गीय मनमोहन गोयल ना केवल नगर के अग्रणी समाजसेवी थे, अपितु नगर के औद्योगिक, सामाजिक और राजनैतिक आयामों पर जिस तरह उन्होंने अमिट छाप छोड़ी है वह अनुपम है। नगर की अनेक सामाजिक संस्थायें उनकी देन हैं। वे नगर के प्रमुख दानदाताओं में से रहे हैं। गुलधहर, मेरठ रोड, गाजियाबाद (जहां यूपीसीडा का औद्योगिक क्षेत्र खत्म हो जाता है) से शुरू कर के ग्राम दुहाई, मेरठ रोड तक स्थित फ्री होल्ड औद्योगिक क्षेत्र का नामकरण नगर निगम गाजियाबाद द्वारा स्वर्गीय मनमोहन गोयल के नाम पर मनमोहन गोयल औद्योगिक क्षेत्र करने के लिए गोयल परिवार ने महापौर को और नगर निगम को धन्यवाद दिया है। साथ ही इस कार्य में सांसद अतुल गर्ग विशेष सहयोग रहा।
इन औद्योगिक और सामाजिक संगठनों ने उपरोक्त के विषय में महापौर को लिखे थे समर्थन पत्र
- श्री नीरज सिंघल – अध्यक्ष, इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन
- श्री अतुल जैन – अध्यक्ष, लोहा विक्रेता मंडल, गाजियाबाद
- श्री अमरीश गोयल – जिलाध्यक्ष, लघु उद्योग भारती, गाजियाबाद
- श्री सुशील अरोड़ा – अध्यक्ष, आईएएमए, गाजियाबाद
- श्री सत्यभूषण अग्रवाल – अध्यक्ष, अमृत स्टील कंपाउंड इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, गाजियाबाद
- श्री आनंद प्रकाश गोयल – अध्यक्ष, उद्योग व्यापार मंडल, गाजियाबाद
- श्री आलोक गर्ग – अध्यक्ष, विश्व हिंदू परिषद, गाजियाबाद महानगर
- श्री संजीव सचदेव – अध्यक्ष, हिन्दू इकौनौमिक फोरम (गाजियाबाद चैप्टर)
- श्री बृजेश अग्रवाल – अध्यक्ष, आॅल इंडिया मैटल फोर्जिंग एसोसिएशन
- – अखिल भारतीय निमार्ता संघ (उत्तर प्रदेश)