5 अप्रैल को होगा महर्षि कश्यप जयंती महाकुंभ समारोह, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य होंगे मुख्य अतिथि

- सात राज्यों और प्रदेश के कोने-कोने से आएंगे कश्यप-निषाद संगठन के पदाधिकारी
- राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कश्यप की ओर से आयोजित किया जा रहा है भव्य समारोह
गाजियाबाद। 5 अप्रैल को गाजियाबाद के घंटाघर रामलीला स्थित विशाल मैदान में कश्यप निषाद संगठन द्वारा महर्षि कश्यप जयंती के अवसर पर महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है। इस महाकुंभ का आयोजन हर साल की भांति इस बार भी उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री एवं ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कश्यप की ओर से किया जा रहा है। नरेंद्र कश्यप के द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सात राज्यों के साथ ही उत्तर प्रदेश के अलग-अलग शहरों से कश्यप निषाद समाज के पदाधिकारी और संगठन के लोग शामिल होंगे। 5 अप्रैल को घंटाघर रामलीला मैदान में आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह के लिए तैयारी शुरू कर दी गई हैं। बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोग और पार्टी के पदाधिकारी शामिल होंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य होंगे।
गर्मी को देखते हुए किए गए हैं उचित इंतजाम, जलपान की भी रहेगी व्यवस्था
कार्यक्रम स्थल पर मीडिया से बात करते हुए राज्यमंत्री नरेन्द्र कश्यप ने बताया कि कार्यक्रम के लिए बड़ा पंडाल लगाया गया है जिसमें हजारों लोगों के बैठने और उपस्थित रहने की व्यवस्था की गई है। गर्मी को ध्यान में रखते हुए अन्य व्यवस्था भी की गई हैं। आने वाले लोगों के लिए जलपान का भी प्रबंध किया गया है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश के अलावा हरियाणा, पंजाब, राजस्थान ,छत्तीसगढ़ व मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों से भी लोग इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता का कार्यक्रम स्तर पर स्वागत होगा। उन्होंने कहा कि महर्षि कश्यप जयंती पर यह कार्यक्रम वह बीते कई दशक से कर रहे हैं। इस कार्यक्रम का मकसद न सिर्फ महर्षि कश्यप को याद करना बल्कि उनके बताए गए मार्ग और सिद्धांतों को जीवन में अपनाना भी है। यह कार्यक्रम दोपहर 12:00 बजे से शुरू होगा और शाम तक चलेगा।
प्रेस कान्फ्रेंस में ये रहे मौजूद
प्रेस कान्फ्रेंस में भाजपा के महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, संगठन के युवा अध्यक्ष डॉ.सागर कश्यप, कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश कश्यप, प्रवक्ता विशाल कश्यप, शहर मंडल अध्यक्ष महेन्द्र गुप्ता, मनोज भाटी, विजय धामा, सौरभ जायसवाल आदि मौजूद रहे।