राजनीतिराज्य

नेतृत्व पर निर्भर करता है कि वह देश को किस दिशा में लेकर जाना चाहता है: योगी

  • मुख्यमंत्री ने प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को सम्बोधित किया
    लखनऊ।
    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नेतृत्व पर निर्भर करता है कि वह देश को किस दिशा में लेकर जाना चाहता है। और अगर नेतृत्व ईमानदार है, चरित्रवान है, राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धताओं के लिए जाना जाता है, तो पूरा देश उसके पीछे-पीछे चल पड़ता है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में एक भारत, श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को साकार हो रही।
    भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रबुद्ध समाज सम्पूर्ण समाज का नेतृत्वकर्ता होता है। उसकी राय, उसका चिन्तन और उसके द्वारा दिए जाने वाले विचार को समाज का एक बड़ा तबका फॉलो करता है, उनके आचरण के प्रति आगे बढ़ता है। जब भी प्रबुद्ध समाज का चिन्तन अवरुद्ध हुआ है, तो देश के सामने संकट आया है। पूरा देश आत्मविस्मृति की स्थिति में पहुंचा है और आत्मविस्मृति में पहुंचा हुआ समाज कभी अपनी स्वाधीनता की रक्षा नहीं कर पाता है।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर हमारा देश कमजोर होगा, तो कोई व्यक्ति मजबूत होकर कुछ नहीं कर सकता। अगर देश मजबूत होगा, तो सभी को अपने साथ मजबूत कर देगा। इसलिए हमारी व्यक्तिगत इच्छा, व्यक्तिगत शान-ओ-शौकत, व्यक्तिगत स्वार्थ, व्यक्तिगत उपासना विधि, व्यक्तिगत मत और मजहब की स्वतंत्रता, राष्ट्रधर्म के सामने गौड़ है और भारतीय जनता पार्टी अपने प्रत्येक कार्यकर्ता को यही बताती है कि हमारे लिए दल से महत्वपूर्ण देश है। व्यक्ति से महत्वपूर्ण दल है, लेकिन दल से महत्वपूर्ण देश है।
    भारतीय जनता पार्टी अकेली राजनीतिक पार्टी है, जब देश का लोकतंत्र खतरे में पड़ा था, तो उसने भारतीय जनसंघ को उस समय लोकतंत्र की रक्षा करने के लिए भारतीय जनता पार्टी में समाहित कर दिया था। जब भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़नी थी, हमने अपनी विचारधारा से ऊपर उठकर राष्ट्रीय मोर्चा का समर्थन कर दिया था, क्योंकि इस देश को भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलानी थी।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि जब परिवार की सरकार होगी, जातिवाद होगा, बेईमानी और भ्रष्टाचार जब सरकारों के सिर चढ़कर बोलेगा। जब सरकार अपने निहित स्वार्थांे के लिए पेशेवर माफियाओं और अपराधियों की सरपरस्ती को स्वीकार करेगी, तो पहचान का संकट खड़ा ही होगा। विकास अवरुद्ध होगा, आमजन के सामने पहचान का संकट खड़ा होगा। नौजवानों का भविष्य अंधेरे में होगा। यही उत्तर प्रदेश में हो रहा था। 14-15 वर्षों तक यही उत्तर प्रदेश में हुआ है।
    इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी लखनऊ महानगर के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ल, विधायक डॉ. नीरज बोरा आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button