बाल मित्र केंद्र पर अन्तरराष्ट्रीय परिवार दिवस कार्यक्रम आयोजित

गाजियाबाद। समाधान अभियान और इंडिया पेस्टिसाइज लिमिटेड ने संयुक्त रूप से चुप्पी तोड़- हल्ला बोल परियोजना के तहत अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस के अवसर पर साहिबाबाद थाने के बाल मित्र केंद्र में अभिभावकों के लिए एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों को बाल यौन शोषण से बचाव, पॉक्सो एक्ट की जानकारी देना और बच्चों के साथ प्रभावी संवाद स्थापित करने के तरीकों से अवगत कराना था। अभिभावकों ने थाने का दौरा किया और बाल यौन शोषण से सुरक्षा व संबंधित कानूनों पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की। अभिभावकों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी और सराहनीय बताया, जिससे उन्हें बच्चों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदमों को समझने में मदद मिली। संस्थापक एससी पाण्डे ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि समाधान अभियान और इंडिया पेस्टिसाइड लिमिटेड भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर अधिक से अधिक अभिभावकों को जागरूक करने और बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।



