भारतीय रेडक्रास सोसायटी व इनरव्हील क्लब ने 50 टीबी रोगियों को लिया गोद, वितरित की पोषण पोटली








हिन्ट रेडियो पहुंचा डूंडाहेड़ा संयुक्त अस्पताल, टीबी हारेगा-देश जीतेगा का दिलाया संकल्प
गाजियाबाद। स्मार्ट के सौजन्य से सेहत सही लाभ कई के तहत हिन्ट रेडियो लोगों को स्वास्थ्य के प्रति लगातार जागरुक कर रहा है। इसी कड़ी में हिन्ट रेडियो की टीम पहुंची क्रासिंग रिपब्लिक के पास स्थित डूंडाहेड़ा गांव के 50 बेड के सरकारी संयुक्त अस्पताल में। यहां रेडक्रास सोसायटी और इनरव्हील क्लब द्वारा 50 टीबी रोगियों को गोद लिया गया और उन्हें पहली पोषण पोटली वितरित की। हिन्ट रेडियो ने अपनी सहभागिता करते हुए कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को सेहत सही लाभ कई के बारे अवगत कराया और किस तरह गाजियाबाद को टीबी मुक्त करने के अभियान में हिन्ट रेडियो अपनी भूमिका निभा रहा है उसके बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई एसीपी प्रिया श्रीपाल ने टीबी मरीजों को हेल्दी डाइट लेने और क्या-क्या सावधानियां बरतनी चाहिए इसके बारे में विस्तार से बताया साथ ही सामाजिक संस्थाओं के टीबी रोगियों को गोद लेने और उन्हें प्रोटीनयुक्त पोषण पोटली वितरण कार्य की सराहना की। उन्होंने इस मुहिम में सामुदायिक रेडियो स्टेशन हिन्ट रेडियो की सहभागिता को सराहा और आश्वस्त किया कि पुलिस विभाग भी जनजागरुकता में कोई कसर नहीं छोड़ेगा। इस मौके पर भारतीय रेडक्रास सोसायटी के गाजियाबाद के सभापति सुभाष गुप्ता ने कहा कि टीबी को हराने की मुहिम हमारी जारी है। इनरव्हील क्लब की ओर से पूरे साल टीबी रोगियों को गोद लेने और उन्हें पोषण पोटली हर माह देने का कार्य डूंडाहेड़ा के अस्पताल में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आप सभी लोगों के प्रयास से गाजियाबाद में साल-दर-साल टीबी के रोगी कम हो रहे हैं और हम सफलता की ओर आगे बढ़ रहे हैं। अस्पताल के अधीक्षक अतुल आनंद ने बताया कि अस्पताल को शुरू हुए अभी कुछ ही समय हुआ है लेकिन यहां विभिन्न बीमारियों के विशेषज्ञों की तैनाती हैं। साठ से अधिक टीबी रोगी अभी तक इस अस्पताल में आने वाले मरीजों में ट्रेस किए गए हैं जिन्हें डाट सेंटर के माध्यम से दवाई का वितरण किया जा रहा है। कार्यक्रम में रूचि गर्ग, डा.बीना श्रीवास्तव, संजय कुमार यादव, अलका अग्रवाल, सुषमा गुप्ता, विपिन अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, थानाप्रभारी सुनीता मलिक, , सुनीता अग्रवाल, तान्या गुप्ता, डाक्टर श्वेता राजपूत, महिला दरोगा तृप्ति गंगवार आदि मौजूद रहे।



