उत्तर प्रदेशगाजियाबादराजनीति
विकसित भारत के अमृतकाल पर आयोजित प्रेस वार्ता में मोदी सरकार के 11 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा का किया प्रस्तुतीकरण

- सेवा, सुशासन और संकल्प से बना है विश्व का विश्वास: अतुल गर्ग
- मोदी है तो मुमकिन है यह केवल एक नारा नहीं, बल्कि विकसित भारत की सशक्त होती हकीकत है
गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भारतीय जनता पार्टी सरकार के 11 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा महानगर गाजियाबाद द्वारा विकसित भारत का अमृतकाल विषय पर प्रेसवार्ता का आयोजन भाजपा कार्यालय नेहरू नगर में किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता सांसद अतुल गर्ग ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने बीते 11 वर्षों में सेवा को संकल्प, सुशासन को संस्कृति और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बनाकर भारत को विश्वसनीय शक्ति के रूप में स्थापित किया है। यह नया भारत अब आतंक के खिलाफ घर में घुसकर वार करता है, और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर होकर ब्रह्मोस, तेजस, प्रचंड जैसे स्वदेशी शौर्य का निर्माण और निर्यात कर रहा है। जनकल्याण मोदी सरकार की प्रत्येक नीति के मूल में है। 44 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों को मिली, 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले, और 55 करोड़ से अधिक जनधन खाते खुले। टेक्नोलॉजी के जरिए पारदर्शिता लाई गई। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व की डिजिटल शक्ति है। इंटरनेट यूजर्स 97 करोड़ हो चुके हैं, डेटा सबसे सस्ता है, और यूपीआई ट्रांजैक्शन 24 लाख करोड़ पार कर चुका है। चंद्रयान-3, गगनयान, और 1.6 लाख से अधिक स्टार्टअप्स के माध्यम से भारत की नई पीढ़ी वैश्विक मंच पर नेतृत्व कर रही है। यही विकसित भारत का अमृतकाल है यही विश्व का विश्वास है।
सांसद अतुल गर्ग ने केंद्र सरकार की नीतियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने प्रदर्शन आधारित राजनीति की नई परंपरा स्थापित की है। शासन अब उत्तरदायी, जवाबदेह, और जनसहभागिता आधारित बन गया है। गरीब कल्याण के तहत जनधन, उज्जवला, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, पीएम किसान निधि जैसी योजनाओं ने 27 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया है। भ्रष्टाचार पर प्रहार करते हुए बिचौलियों की समाप्ति, डीबीटी, ई-नीलामी, और डिजिटल ट्रैकिंग से लाभ सीधे जनता तक पहुँचा है।
मेड इन इंडिया से रक्षा निर्यात के तहत भारत अब डिफेंस एक्सपोर्ट में 30 गुना वृद्धि कर आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर है। साहसी निर्णय लिये गये जिसके तहत धारा 370, तीन तलाक, जीएसटी और वक्फ कानून जैसे ऐतिहासिक निर्णय देश की दिशा को परिभाषित करते हैं। स्वास्थ्य के क्षेत्र में क्रांति आई है जिसके तहत आयुष्मान भारत से करोड़ों गरीबों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिली है। आपरेशन सिंदूर से भारत अब मेड इन इंडिया पाकिस्तान में टेस्टिड दुनिया में ट्रस्टिड की रणनीति पर चल रहा है। आपरेशन सिंदूर हमारी संकल्प शक्ति का प्रतीक है। आर्थिक विकास के क्षेत्र में भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। हमने केवल नारे नहीं दिए, हमने बदलाव को जमीनी सच्चाई में बदला है। यह सिर्फ मोदी जी का सफर नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतवासियों की तपस्या, त्याग और संकल्प का उत्सव है। आज जब हम आपरेशन सिंदूर की सफलता की गूंज सुन रहे हैं, वही समय मोदी सरकार के 11 वर्षों की विकास यात्रा का प्रतीक बन गया है। ये 11 साल अंधकार से प्रकाश, निराशा से आशा और भ्रष्टाचार से सुशासन तक की यात्रा के साक्षी हैं। अब भारत न्यू नार्मस तय कर रहा है जहाँ आतंकवाद पर जीरो टालरेंस है, महिलाओं की भागीदारी विकास के केंद्र में है, और संस्कृति का पुनर्जागरण भी समानांतर रूप से आगे बढ़ रहा है। मोदी है तो मुमकिन है यह केवल एक नारा नहीं, बल्कि विकसित भारत की सशक्त होती हकीकत है।
महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि मोदी सरकार ने शहरी जीवन को गरिमामयी बनाया है। 4 करोड़ आवास, 15 करोड़ घरों में नल से जल, 12 करोड़ शौचालय, और स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ा भारत एक स्वच्छ, सुंदर और सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर रहा है।
भाजपा के जिलाध्यक्ष चैनपाल सिंह ने कहा कि मोदी सरकार का हर कदम आम नागरिक के जीवन को बेहतर करने की दिशा में है झ्र फिर चाहे वह किसानों को 3.7 लाख करोड़ की सहायता हो या हर गांव तक सड़कों का विस्तार।
महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता गर्व से कह सकते हैं कि हमने 11 वर्षों में विकास भी विरासत भी के मंत्र को साकार होते देखा है। चाहे वह काशी विश्वनाथ, महाकाल लोक, या श्रीराम मंदिर का भव्य निर्माण हो। इस अवसर पर एमएलसी दिनेश गोयल, महामंत्री सुशील गौतम, आयाम की संयोजिका रनिता सिंह, सह संयोजक गौरव चोपड़ा, गुंजन शर्मा, विनोद कसाना और मीडिया प्रभारी प्रदीप चौधरी उपस्थित रहे। प्रेसवार्ता का संचालन और धन्यवाद ज्ञापन भाजपा महानगर मीडिया प्रभारी प्रदीप चौधरी द्वारा किया गया।