एचआरआईटी विश्वविद्यालय परिसर में आईआईटी रोपड़ की अत्याधुनिक लैब का हुआ भव्य उद्घाटन


गाजियाबाद। एचआरआईटी विश्वविद्यालय परिसर में आईआईटी रोपड़ के अत्याधुनिक साइबर-फिजिकल सिस्टम्स (सीपीएस) लैब का भव्य उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा एवं नवाचार के क्षेत्र में एक नए अध्याय की शुरूआत हुई। कार्यक्रम की शुरूआत मुख्य अतिथि के आगमन व पारंपरिक स्वागत से हुई, विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. अनिल अग्रवाल ने उन्हें शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया । आईआईटी रोपड़ के निदेशक प्रो. राजीव आहूजा ने अपने उद्घाटन भाषण में संस्थान की शोध और नवाचार की दिशा में प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला। इसके बाद डॉ. पुष्पेन्द्र पी. सिंह, डीन (कॉपोर्रेट, एलुमनाई, प्लेसमेंट एवं स्ट्रैटेजी) ने आईआईटी रोपड़ की एग्रिटेक पहल और सीपीएस लैब की महत्ता को साझा किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री सुनील शर्मा ने सभा को संबोधित करते हुए सरकार की तकनीकी सहयोग की योजनाओं पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विशिष्ट अतिथियों को विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. अनिल अग्रवाल द्वारा स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। अंत में, एचआरआईटी विश्वविद्यालय के उपकुलाधिपति डॉ अंजुल अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। यह आयोजन तकनीकी सहयोग, नवाचार और अकादमिक साझेदारी के क्षेत्र में एक सशक्त पहल के रूप में देखा जा रहा है।



