विकसित उत्तर प्रदेश 2047 में गाजियाबाद को मिला चौथा स्थान, डीएम ने जनपद वासियों का किया धन्यवाद

गाजियाबाद। राज्य सरकार द्वारा प्रदेश को 2047 तक विकसित राज्य बनाने के लक्ष्य को पूर्ण करने के लिये प्रदेश भर में 3 सितम्बर, 2025 से आम जन सामान्य से सुझाव आमंत्रित किये गये थे। ये सुझाव कृषि, पशुधन, शिक्षा, स्वास्थ्य, औद्योगिक विकास जैसे 12 अलग-अलग क्षेत्रों में दिये जाने थे। जनपद के निवासियों द्वारा इस मुहिम में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया गया। जिसके फलस्वरूप गाजियाबाद 295506 सुझावों के साथ प्रदेश में चतुर्थ स्थान पर रहा है। सर्वाधिक 62206 सुझाव शिक्षा क्षेत्र से आये। इसके पश्चात 46194 कृषि, 42645 नगरीय व ग्रामीण विकास, 35437 स्वास्थ्य आदि क्षेत्रों से दर्ज कराये गये हंै। 231673 सुझाव नगरीय क्षेत्र व 63833 सुझाव ग्रामीण क्षेत्रों से प्राप्त हुये हैं। 127031 महिलाओं द्वारा भी अपना सुझाव पोर्टल पर अंकित किया गया।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ द्वारा प्रदेश के विकास के लिये समर्पित इस अभियान में जनपद के समस्त नागरिकों एवं विद्यार्थियों द्वारा विशेष रूचि लेकर सहभागिता किये जाने के लिये उनका हृदय से धन्यवाद ज्ञापित करते हुये अपील की गयी कि इस प्रकार के अन्य राष्ट्रहित के कार्यक्रमों/अभियानों जैसे कि मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) में भी जनपदवासी पूर्ण सहयोग प्रदान करेगें। इस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक सम्पादित करने में नियोजन विभाग, राजस्व विभाग, विकास विभाग, नगर निगम, पंचायत विभाग, पूर्ति विभाग, समस्त तकनीकी / शैक्षिक संस्थान तथा अन्य विभागों के अधिकारियों / कर्मचारियों द्वारा भी प्रशंसनीय कार्य किया गया।



