वर्ष 2026 में गाजियाबाद को और भी सुंदर बनाएगा जीडीए, ब्लू प्रिंट किया तैयार

- हरनंदीपुरम आवासीय योजना पर रहेगा पूरा फोकस
- मधुबन-बापूधाम के अधूरे कार्यों को किया जाएगा जल्द पूर्ण
- एनएच 58 से मधुबन-बापूधाम की कनेक्टीविटी लिए मिलेगी नए आरओबी की सौगात
- इस वित्तीय वर्ष में मुनाफा होगा डेढ़ गुणा, टूटेगा गत वित्तीय वर्ष का रिकॉर्ड
- नंदग्राम में जीडीए लाने जा रहा है 77 आवासीय भूंखडों की योजना
- पहल पोर्टल का लाभ ले रहे देश-दुनिया के लोग, राजस्व भी आ रहा खूब
गाजियाबाद। अपना गाजियाबाद अब 4 गेटों में सिमटा हुआ गाजियाबाद नहीं रह गया है बल्कि अब एक नहीं बल्कि चारों दिशाओं में बसी टाउनशिप से कई गाजियाबाद हो गए हैं। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने चारों तरफ फैले गाजियाबाद को और भी सुंदर बनाने के लिए ब्लू प्रिंट तैयार कर लिया है। वर्षांत में जीडीए सभागार में आयोजित प्रेस कान्फ्रेंस में जीडीए वीसी नंदकिशोर कलाल की अनुपस्थिति में जीडीए सचिव विवेक मिश्र ने प्राधिकारण की भावी योजनाओं और उनके क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गाजियाबाद में एक और नई टाउनशिप हरनंदीपुरम पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। यह योजना 521 हेक्टेयर में विकसित की जा रही है। इस योजना में पाइपलाइन के किनारे समेत आठ राजस्व ग्रामों की भूमि का अधिग्रहण तेजी के साथ किया जा रहा है। पहले चरण में 336 हेक्टेयर भूमि की खरीद का कार्य किया जा रहा है। अब तक 55 हेक्टेयर भूमि का क्रय जीडीए ने कर भी लिया है जबकि 115 हेक्टेयर भूमि की सहमति किसानों से प्राप्त हो चुकी है। अगले तीन से चार माह के भीतर उक्त योजना को धरातल पर उतार लिया जाएगा।
मेरठ रोड से सीधे जुड़ेगी मधबुन-बापूधाम कालोनी, 4 हजार करोड़ की परिसंपत्तियों का होगा निस्तारण
जीडीए की वर्ष 2004 में लाई गई मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना में अभी भी 4 हजार करोड़ की परिसंपित्तयों का निस्तारण होना शेष है। जीडीए यहां विकास कार्य तेजी से करते हुए परिसंपत्तियों का निस्तारण करेगा साथ मधुबन-बापूधाम आवासीय कालोनी को मेरठ रोड से जोड़ने के लिए 90 करोड़ रुपए की लागत से आरओबी का निर्माण भी कर रहा है। आरओबी का निर्माण अंतिम चरण में है और जल्द ही इसकी सौगात मिलने वाली है। 1374 एकड़ में फैली मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना में आ रही लगभग सभी अड़चनों को दूर कर लिए जाने का जीडीए ने दावा किया है। जीडीए सचिव विवेक मिश्र ने बताया कि आठ सौ एकड़ भूमि पर कास्तकारों को छह प्रतिशत विकसित भूखंड दिए जाने का प्रावधान रखा गया था जिसका तलपट मानचित्र पर प्रदर्शित करते हुए 762 भूखंडों का आवंटन कर दिया गया है। इसके बाद किसानों की कोई समस्या शेष नहीं रह गई है। उन्होंने बताया कि नए आरओबी के शुरू होने से इसका लाभ सिर्फ मधुबन-बापूधाम को ही नहीं बल्कि स्वर्णजयंतीपुरम, कर्पूरीपुरम, गोविंदपुरम व अन्य क्षेत्र के लोगों को मेरठ रोड पहुंचने का लाभ मिलेगा।
वेस्ट टू वंडर और रामायण थीम पार्क से चमकेगा गाजियाबाद, मिलेंगी कई योजनाएं
जीडीए ने शहर को और सुंदर बनाने की दिशा में अच्छे कदम बढ़ाए हैं। इन्दिरापुरम योजना में लगभग 1450 एकड़ में संस्कृत दर्शन पार्क के नाम से इस पार्क को विकसित किया जा रहा है। इसके साथ ही कोयल एंक्लेव योजना में लगभग 22 हजार 700 वर्गमीटर में रामायण थीम पर आधारित पार्क का विकास कार्य किया जा रहा है। यह पार्क 2026 में पूर्ण कर आम जनमानस के लिए खोल दिया जाएगा। जीडीए सचिव विवेक मिश्र ने बताया कि पार्क में 15 कलाकृतियों, आडियो विजुअल शो, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र व थियेटर आदि रामायण थीम पर प्रस्तावित किए गए हैं। ये दोनों पार्क गाजियाबाद का नाम पूरे प्रदेश में रोशन करने का काम करेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में वैशाली में लगभग 18 सौ वर्गमीटर में उत्सव भवन का भी निर्माण कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कैलाश मानसरोवर भवन में पहल पोर्टल का शुभारंभ स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था। तब से लेकर अब तक इस पोर्टल से देश दुनिया के लोग जुड़ रहे हैं और प्राधिकरण की योजनाओं का लाभ ले रहे हैं। यह पोर्टल नागरिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए शुरू किया गया था। नंदग्राम में 77 आवासीय भूखंडों की योजना को भी शीघ्र लाया जा रहा है। इस योजना में 60 वर्ग मीटर से लेकर 210 वर्ग मीटर तक के भूखंड सृजित किये गये हैं।
इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, बुनकर मार्ट का निर्माण कार्य होगा तेजी से
वर्ष 2026 में जहां मधुबन-बापूधाम ममें 155 करोड़ की लागत से तैयार किए जा रहे बुनकर मार्ट कम एक्सपो सेंटर का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा वहीं राजनगर एक्सटेंशन में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करते हुए उसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा। जीडीए सचिव विवेक मिश्र ने बताया कि इनके अलावा तुलसी निकेतन रि-डवलेपमेंट, कैलाश मानसरोवर भवन का अनुरक्षण व संचालन, राजनगर एक्सटेंशन में जोनल प्लान रोड का निर्माण, पाइपलाइन मार्ग से सीधे मेरठ रोड तक चौड़ी सड़क का निर्माण आदि बहुत से कार्यों पर तेजी से कार्य किया जाएगा। प्रेस कान्फ्रेंस में जीडीए चीफ इंजीनियर आलोक रंजन, अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह व मीडिया कॉर्डिनेटर रुद्रेश शुक्ला मौजूद रहे।



