उत्तर प्रदेशगाजियाबाद
18 और 24 मीटर चौड़ी बंधा रोड को नूर नगर से जोड़ने वाली सड़क के निर्माण का जीडीए ने कराया कार्य प्रारम्भ

- रोड से प्रभावित किसानों से सहमति के बाद शुरू हुआ काम
- 42 करोड़ की लागत से दोनो रोड की भूमि क्रय व निर्माण कराये जायेंगे
- सड़क निर्माण से मिलेगी क्षेत्र में बेहतर यातायात की सुविधा
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने बंधा रोड को नूरनगर से जोड़ने वाली 18 और 24 मीटर चौड़ी रोड के निर्माण का कार्य आरंभ करा दिया है। ये कार्य रोड के निर्माण से प्रभावित किसानो से सहमति के बाद आरंभ हो पाया है। रोड के निर्माण पर करीब 42 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी। इसमें लगभग 32 करोड़ रूपए का भुगतान किसानों को प्रतिकर के तौर पर भुगतान किया जाएगा। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण का प्रयास ये है कि रोड के चौड़ाई मे मिटटी भराई आदि का कार्य बरसात से पहले पूरा करा लिया जाए, ताकि एक बार मिट्टी के संघनन के बाद पक्की रोड के निर्माण का कार्य तेजी के साथ किया जा सके। इनमें 18 मीटर चौड़ाई में लगभग 750 मीटर लंबी तथा 24 मीटर चौड़ाई में लगभग 350 मीटर लंबी है। इन रोड के निर्माण का कार्य एक लंबे समय से आरंभ नहीं हो पा रहा था, किसानों की सहमति के मद्देनजर हाल ही में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के दौरान ये अहम फैसला लिया गया कि किसानों से भूमि का क्रय वर्तमान सर्किल रेट के दोगुने मूल्य पर आपसी सहति से किया जाएगा। यह एक ऐसा गांव है,जहां पर 100 प्रतिशत किसानों ने सड़क निर्माण के लिए अपनी सहमति दी है। जल्द प्राधिकरण के पक्ष में किसानों के द्वारा बेनामें कर दिए जाएंगे। इससे पहले जीडीए की भू अर्जन औैर अभियंत्रण अनुभाग की टीम के द्वारा स्थल का निरीक्षण कर टोटल स्टेशन सर्वे टीएसएस के आधार पर भूमि के चिन्हिाकंन का कार्य पूरा करते हुए किसानों की मांग पर 18 और 24 मीटर चौड़ी सड़क के लिए पिलरिंग की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। प्राधिकरण उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्र को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी और मानचित्र स्वीकृत कर क्षेत्र का सुनियोजित विकास भी होगा व राजस्व भी प्राप्त होगा, जिसका उपयोग अन्य सड़कों के विकास कार्य में किया जा सकेगा,जैसे हम तुम रोड प्रस्तावित कमिश्नरेट सड़क और सिकरोड जैसे अन्य मार्गों पर भी निर्माण कार्य करने की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।



