उत्तर प्रदेशगाजियाबाद

पूर्व विधायक के रिश्तेदार की थाने के सामने गोली मारकर हत्या, थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड

गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर मुरादनगर थाने के सामने गांव मिल्क रावली निवासी युवक रवि शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया गया है बुधवार रात दस बजे रास्ते से कार निकालने को लेकर गांव में रवि शर्मा व अजय तथा मोंटी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपी रवि शर्मा के घर पहुंचे और मारपीट की। मारपीट की शिकायत करने रवि शर्मा अपने भाई के साथ मुरादनगर थाने पहुंचे। आरोपी भी थाने पहुंच गए। इसके बाद आरोपी अजय व मोंटी ने रवि शर्मा पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। चार गोली लगने से रवि शर्मा लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर गए। गोली मारने के आरोपी आराम से मौके से फरार हो गए। घायल रवि शर्मा को तुरंत उन्हें मोदीनगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मृतक के परिजनों ने शव को थाने बाहर रखकर प्रदर्शन किया। डीसीपी ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को आश्वासन दिया कि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा, पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। बताया जाता है कि मृतक रवि, साहिबाबाद से पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा का रिश्तेदार है। थाने पर हंगामा कर रहे परिजनों के बीच पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा भी पहुंचे थे। सूत्रों से पता चला है कि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक तक उक्त मामले को पहुंचाया गया है। आरोपी मोंटी जेल से जमानत पर है। वह पूर्व में नाबालिग से बलात्कार के आरोप में जेल जा चुका है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मुरादनगर थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। निलंबित किए पुलिसकर्मियों में थाना प्रभारी शैलेन्द्र तोमर, रात्री पुलिस अधिकारी दरोगा सूबे सिंह, बीपीओ मोहित सिंह हैं। पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हिंडन स्थित पोस्टमार्टम हाउस पर विधायक अजीतपाल त्यागी भी पहुंचे जबकि पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा पूरे समय पीड़ित परिजनों के साथ रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button