
- प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन ने स्थापित किए 12 शरणालय
- बाढ़ से प्रभावित क्षेत्र के लोगों को वितरित की जा रही खादय सामग्री

गाजियाबाद। हरियाणा प्रदेश के हथिनी कुंड (ताजेवाला) बैराज से छोड़े जा रहे अत्यधिक जल की मात्रा को दृष्टिगत रखते हुए जनपद गाजियाबाद के तहसील लोनी क्षेत्रान्तर्गत ग्राम बदरपुर, मीरपुर हिन्दू, पचायरा, इलायचीपुर, लुत्फुल्लापुर नवादा, अल्लीपुर में बढ़े हुए जलस्तर एवं प्रभावित परिवारों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु जिलाधिकारी गाजियाबाद के निर्देशों के अनुपालन में 3 सितंबर को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सौरभ भट्ट, ज्वाईंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी लोनी दीपक सिंघनवाल एवं तहसीलदार लोनी डॉ. अरूण कुमार अग्रवाल द्वारा मुख्य अभियंता, सिंचाई विभाग ओखला खण्ड के साथ प्रभावित क्षेत्रो का निरीक्षण किया गया तथा बाढ प्रभावित स्थानो से निकाले गये व्यक्तियों के साथ वार्ता की गयी। अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) गाजियाबाद द्वारा बताया गया कि एन० डी०आर०एफ० टीम द्वारा ग्राम बदरपुर से लोगो को नाव की सहायता से निकाला जा रहा है। प्रभावित व्यक्तियो के ठहरने हेतु 12 शरणालय स्थल बनाये गये है, जहाँ उनके लिये खाद्य पैकेटो का वितरण कराया जा रहा है। पेयजल की पर्याप्त की व्यवस्था है। प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारो की सूची तैयार कर ली गयी है। प्रभावित परिवारों के मवेशियो हेतु पर्याप्त चारे उपलब्ध कराया गया है। किसी भी आकस्मिकता की स्थिति के लिये नावों एवं गोताखोरो की पर्याप्त व्यवस्था है तथा एनडीआरएफ की टीम मौके पर मौजूद है। पचायरा बाढ़ चौकी पर पर्याप्त स्टाफ की तैनाती की गयी है। ग्राम स्तर पर बाढ़ सुरक्षा समितियों सक्रिय हैं एवं बचाव कार्य में सहयोग कर रही हैं। यमुना नदी का जलस्तर 211.75 मीटर बना हुआ है। जिला प्रशासन द्वारा सतर्क दृष्टि रखी जा रही है तथा स्थिति नियंत्रण में है।



