बारिश के चलते गुलमोहर एंक्लेव सोसाइटी की जर्जर बाउंड्री वॉल गिरी, सोसायटी की सुरक्षा को खतरा

गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसाइटी की पीछे की तरफ टावर ळ/ 2 की लगभग 200 मीटर जर्जर बाउंड्री वॉल बुधवार की देर रात भरभरा कर गिर गईं। इन दोनों दीवारों के गिरने से सोसायटी के निवासियों को सुरक्षा का खतरा पैदा हो गया है।
बता दें कि सोसायटी की पिछली दीवारें काफी से समय से जर्जर हालत में पीछे की तरफ झुकी हुई थी, जिस पर गुलमोहर एंक्लेव आरडब्ल्यूए ने कभी ध्यान ही नहीं दिया। आरडब्ल्यूए की लापरवाही के कारण अब इन दीवारों के गिरने से सोसायटी की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया है। सोसायटी के टी-2 टावर निवासी विवेक कुमार गौतम ने बताया कि बुधवार की रात में 200 मीटर के करीब बाउंड्री वॉल टूट गई है जिससे निवासियों को खतरा पैदा हो गया है। इससे पहले भी यहीं से सोसायटी में दाखिल हुए चोरों ने दो घरों में चोरी की थी। बाउंड्री वाल काफी दिनों से खराब हो चुकी थी और टूटने की कगार पर थी निवासियों ने काफी बार आरडब्ल्यूए से शिकायत की थी लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। सोसायटी के अन्य निवासी आरके गर्ग और गौरव बंसल ने बताया कि सोसायटी की अन्य बॉउंड्री वॉल भी टूटने की कगार पर हैं यदि जल्दी ध्यान नहीं दिया गया तो ये भी गिर जाएंगी और सोसायटी की सुरक्षा को पूरी तरह से संकट पैदा हो जाएगा। सोसायटी के निवासियों ने आरडब्ल्यूए से जल्द से जल्द टूटी दीवार को पुन: बनवाने और जर्जर अन्य बाउंड्री वॉल को शीघ्र अति शीघ्र ठीक करवाने की मांग की है।



