गाजियाबाद
आईएमए की अध्यक्ष बनीं डा. अल्पना कंसल, डा. प्रहलाद चावला इलेक्ट प्रेसीडेंट

- कार्यभार संभालने के पहले ही दिन आईएमए ने किया ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित
- विभिन्न ब्लड डोनेशन केन्द्रों पर सौ से अधिक डाक्टरों ने किया रक्तदान
गाजियाबाद। प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी एक अक्टूबर को आईएमए गाजियाबाद की नई टीम ने अपना कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार संभालने के पहले ही दिन सुबह 8 बजे से लाइफ लाइन ब्लड बैंक गाजियाबाद पर ब्लड डोनेशन किया गया। इस बार सौ से अधिक डाक्टरों ने ब्लड डोनेट किया है। संतोष मेडिकल कॉलेज ब्लड बैंक, गाजियाबाद ब्लड बैंक पर भी ब्लड डोनेशन किया गया। इस अवसर पर डॉक्टर सुभाष गोयल ने 99वीं बार, डॉक्टर पल्लव रस्तोगी ने 88 वीं बार एवं डॉ. विनीत ने 66वीं बार ब्लड डोनेट किया। डॉ. आशीष अग्रवाल ने 11वीं बार ब्लड डोनेट किया। ब्लड डोनेशन के कार्यक्रम का उद्घाटन आई एम ए यूपी स्टेट के प्रेसिडेंट इलेक्ट डॉ. राजीव गोयल सर्जन एवं सचिव डॉक्टर आशीष अग्रवाल , डॉक्टर वाणी पूरी कोषाध्यक्ष ने अन्य पदाधिकारियों के साथ किया। टीम का उत्साह देखने योग्य था। इसके बाद दोपहर में आईएमए भवन में प्रेस कान्फ्रेंस का आयोजन किया गया जिसमें आईएमए की नवनियुक्त अध्यक्ष डाक्टर अल्पना कंसल ने अपनी पूरी टीम का परिचय कराया। प्रेसिडेंट डॉक्टर अल्पना कंसल ने बताया कि उनकी टीम में प्रेसिडेंट इलेक्ट डॉक्टर प्रहलाद चावला, सेक्रेटरी डॉक्टर राजीव त्यागी, वाइस प्रेसिडेंट डॉक्टर अर्चना शर्मा, ट्रेजरार डॉक्टर सारिका जैन, संयुक्त सचिव डॉ. अरुणा अग्रवाल व डॉ दिव्यांश सिंह, संयुक्त ट्रेजरार डॉक्टर रिजवान खान हैं। डॉक्टर अल्पना कंसल ने अपने आगामी कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और मीडिया को भी अपनी अहम भूमिका निभाने का आह्वान किया। आईएमए के मीडिया कार्डिनेटर डाक्टर नवनीत वर्मा ने बताया कि आईएमए द्वारा समय-समय पर निशुल्क चिकित्सा शिविर तो आयोजित करेगा ही साथ एक खास कार्यक्रम राहगीरी का भी आयोजन किया जाएगा।






