राष्ट्रीयलेटेस्टस्लाइडर

भारत में लोकतंत्र नहीं, तानाशाही चल रही है: राहुल गांधी

नई दिल्ली। लखीमपुर खीरी में सियासत तेज हो गई है। लंबे समय तक हिरासत में रखने के बाद प्रियंका गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और उन्हें अस्थाई जेल में रखने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त रोष है। रात में कांग्रेसियों ने कैंडल मार्च भी निकाला। सीतापुर में फिर से इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया गया है। राहुल गांधी समेत पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लखीमपुर खीरी जाने के ऐलान के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने उनको आने की इजाजत नहीं दी है। यूपी रवाना होने से पूर्व राहुल गांधी ने प्रेस कान्फ्रेंस की। प्रेस कान्फ्रेंस में राहुल गांधी ने यूपी सरकार पर जमकर प्रहार किए। उन्होंने कहा कि देश के किसानों के साथ अन्याय किया जा रहा है। उन्हें गाड़ियों से कुचला जा रहा है। अब तक केन्द्रीय गृहराज्य मंत्री पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने सीधा आरोप लगाया कि अपने हकों की आवाज उठा रहे किसानों को उत्तर प्रदेश में मारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत में लोकतंत्र हुआ करता था लेकिन अब तो तानाशाही चल रही है। उन्होंने कहा कि यह अजीत बात है कि उत्तर प्रदेश में सिर्फ कांग्रेस नेता नहीं जा सकते हैं। कांग्रेस के मुख्यमंत्री को भी नहीं जाने दिया जा रहा है जबकि लखीमपुर खीरी के मुख्य आरोपी मंत्री के पुत्र खुलेआम घूम रहे हैं। यह कैसा उत्तर प्रदेश है जहां अपराधियों को खुला घूमने की छूट है और पीड़ितों का दर्द जानने वालों को जेल में डाला जा रहा है।
उन्होंने प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के सवाल पर कहा कि मुद्दा यह नहीं है कि प्रियंका गांधी को गिरफ्तार किया गया बल्कि मुद्दा तो यह है किसानों के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने हमारे साथ धक्का मुक्की करने से कोई फर्क नहीं पड़ता। हम अपनी अंतिम सांस तक अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ते रहेंगे।
राहुल गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के हाथरस में क्या हुआ था सभी ने देखा था। सरकार पर दबाव बनाया गया तब जाकर कार्रवाई हो पाई।
उन्होंने कहा कि हम यदि हाथरस न जाते तो शायद अपराधी पकड़े भी नहीं जाते। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल लखनऊ में थे लेकिन लखीमपुर खीरी में मारे गए किसानों की उन्हें कोई फिक्र नहीं थी। उन्होंने लखीमपुर खीरी घटना का जिक्र तक नहीं किया और न ही उन्होंने वहां जाने की कोशिश की। उन्होंने मीडिया के माध्यम से यूपी सरकार को आगह किया कि वे लखीमपुर खीरी सिर्फ तीन लोग जा रहे हैं, इसमें कोई कानून का उल्लंघन नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button