

गाजियाबाद। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को लोनी में 50 बेड वाले संयुक्त जिला चिकित्सालय का लोकार्पण किया। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि चिकित्सा सेवा को बेहतर बनाने की सबसे बड़ी चुनौती है। अपने समाज में सब लोग स्वस्थ रहें। बेहतर जीवन जिएं। सुखमय जीवन जिएं । इसके लिए हमारी सरकार लगातार काम कर रही है। 2017 से लेकर अब तक स्वास्थ्य के क्षेत्र में बहुत बड़ा परिवर्तन हो चुका है। आज लोनी में 50 बेड के चिकित्सालय का लोकार्पण हो गया। बहुत समय से इसकी डिमांड थी। चिकित्सालय बनने से लोनी और आसपास के लोगों को उच्च कोटि की चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी। बीमार मरीजों को भर्ती किया जाएगा साथ ही आॅपरेशन थिएटर चिकित्सालय में बनाया गया है जिसमें आॅपरेशन किए जा सकेंगे। माननीय उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिदिन किसी न किसी चिकित्सालय का मैं निरीक्षण करता हूं तो विपक्षी दल सवाल करते हैं कि हर रोज चुपचाप चिकित्सालय में क्यों जाते हैं। विधानसभा में विपक्षी दल के नेता चिल्लाते हैं। इसका मैं उन्हें जवाब देता हूं कि किसान अपने खेत को देखने रोज नहीं जाएगा तो पड़ोसी मेड को काटकर उस पर कब्जा कर लेगा और जब हम पूरी व्यवस्था का जायजा लेते रहेंगे तो सब कुछ चाक-चौबंद रहेंगी। उन्होंने कहा कि लगातार स्वास्थ्य सेवाओं को और भी बेहतर करने का कार्य किया जा रहा है। प्रदेश के सभी चिकित्सालयों में प्रतिदिन एक लाख 70 हजार मरीज आते हैं और 12 से 13 हजार लोग सड़क हादसों, पानी में डूबने, आग में झुलसने जैसे गंभीर रूप से घायल होकर चिकित्सालयों में पहुंचते हैं जिन्हें भर्ती किया जाता है। 5 से 7 हजार मरीज गंभीर रोगों से ग्रसित होकर पहुंचते हैं। 5 हजार मरीजों का प्रतिदिन आॅपरेशन निशुल्क हमारे चिकित्सालयों में किया जाता है। प्रदेश के किन्हीं भी 5 जिलों के 10 मरीजों से हम प्रतिदिन बात करते हैं और उनसे इलाज कैसा हुआ, दवाई मिली या नहीं, इलाज से संतुष्ट हैं या नहीं, डॉक्टरों के व्यवहार आदि के प्रश्न पूछते हैं। उन्होंने लोनी के लोगों से अपील करते हुए कहा कि सरकार ने स्वास्थ्य सेवा की व्यवस्था आप लोगों के लिए की है, इसलिए आप हमारे चिकित्सालयों में आएं और आसानी से निशुल्क इलाज पाएं। लोनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अपनी जगह काम करता रहेगा। क्षेत्र में काफी समय से 50 बेड के संयुक्त जिला चिकित्सालय की मांग की जा रही थी। मार्च 2014 में लोनी क्षेत्र में 50 बेड का अस्पताल बनाने का प्रस्ताव भेजा गया था और जब 2017 में हमारी सरकार बनी तो 2018 में अस्पताल के लिए शासन से बजट जारी हुआ। 10 करोड़ की लागत से तैयार हुए अस्पताल को आज से जनता को समर्पित कर दिया गया है। अस्पताल में डाक्टरों की तैनाती के साथ अन्य स्टाफ भी माननीय मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरुप आम जनमानस को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए नियुक्त कर दिया गया है।
लोकार्पण समारोह को सांसद जनरल वीके सिंह, सांसद राज्यसभा अनिल अग्रवाल, विधायक लोनी नंद किशोर गुर्जर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विक्रमादित्य सिंह मलिक, डीसीपी ग्रामीण रवि कुमार, सीएमओ डा. भवतोष शंखधर, उपजिलाधिकारी सदर विनय सिंह, एसीएम निखिल चक्रवर्ती आदि मौजूद रहे।



