क्राइम ब्रांच पुलिस को मिली बड़ी सफलता, झारखण्ड से तस्करी कर लाई जा रही 50 लाख की अफीम के साथ तस्कर किया गिरफ्तार

गाजियाबाद। क्राइम ब्रान्च पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद द्वारा झारखण्ड राज्य से तस्करी कर लाई जा रही 2 किलोग्राम अफीम सहित एक अन्तर्राज्यीय तस्कर को मेन श्याम पार्क रोड साहिबाबाद रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की गई है। अफीम तस्कर से बरामद अफीम की कीमत अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में लगभग 50 लाख रुपए है। पकड़े गए अभियुक्त शम्भू कुमार ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह झारखण्ड के हजारीबाग जनपद का रहने वाला है और 12वीं पास है। ज्यादा आमदनी के लालच में अभियुक्त शम्भू ने उपेन्द्र के साथ अवैध अफीम को झारखण्ड राज्य से दिल्ली एनसीआर, पंजाब, उत्तराखण्ड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तस्करी करना शुरू कर दिया जिसके अभियुक्त शम्भू को प्रत्येक चक्कर के15 से 20 हजार रुपए मिलने लगे। अफीम की तस्करी करने से इकट्ठा हुए पैसों से अभियुक्त शम्भू उपरोक्त स्वयं अवैध अफीम की तस्करी झारखण्ड से पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखण्ड, दिल्ली एनसीआर में जाकर करने लगा। इस काम में उसको काफी फायदा होने लगा। अभियुक्त शम्भू ने पुलिस को बताया कि उसे अफीम की जितनी डिमाण्ड मिलती है उतना ही माल लेकर वह बस व ट्रेन बदल-बदल कर अलग-अलग रूट से आता हैं, जिस व्यक्ति को माल देना होता है उस व्यक्ति से बात करके अभियुक्त शम्भू उपरोक्त डिलीवरी देने की जगह व समय पहले ही तय कर लेता है कि माल कहाँ, कब और कितने बजे देना है। 6 माह से वह यह कार्य कर रहा है।



