गृहकर वृद्धि के विरोध में निगम मुख्यालय पर कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन, सीएम के नाम भेजा ज्ञापन

गाजियाबाद। गृहकर की बढ़ी दरों को लेकर कांग्रेस ने भी मंगलवार को प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताते हुए मुख्यमंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। इस संबंध में मंगलवार को पहले कांग्रेस कार्यालय पर एक बैठक आयोजित की गई और फिर नगर निगम पहुंचकर जिला कांग्रेस कमेटी ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा। जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा ने बताया कि नगर निगम गाजियाबाद द्वारा चार गुना हाऊस टैक्स बढ़ाये जाने सम्बन्धी प्रस्ताव से नगर निगम के निवासियों में गहरा रोष है। जैसा कि ज्ञात है कि कोरोना के क्रूर काल ने लाखों लोगों को बेरोजगार कर दिया जिसकी पुन: आहट सुनाई दे रही है। इसके बाद आसमान छूती मंहगाई ने जनता की कमर तोड़ दी है। महानगरीय मंहगी व्यवस्था में आम आदमी त्रस्त है। इस मुश्किल समय में नगर निगम प्रशासन आम जनता को राहत देने के स्थान पर हाऊस टेक्स को चार सौ प्रतिशत बढ़ाने का प्रस्ताव कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनता ने बड़े अरमानी से वोट देकर महापौर, का चुनाव किया था कि उनके हितों का ध्यान रखा जायेगा। लेकिन भारतीय जनता पार्टी जनता के लिये कल्याण कारी नीति की जगह दमनकारी नीति बनाने पर आमादा है। जिसका कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध करता है। उन्होंने सीएम से मांग की कि स्वयं आगे बढ़कर इस गम्भीर समस्या को देखते हुए जनता के हित में फैसला करें। और नगर निगम गाजियाबाद के चार सौ प्रतिशत हाऊस टैक्स बढ़ोत्तरी के निर्णय को वापस लिया जाए। इस दौरान महानगर अध्यक्ष वीर सिंह जाटव, पूर्व प्रदेश महासचिव सतीश त्यागी, जिला कॉर्डिनेटर शिवराम, पूर्व मंत्री सतीश शर्मा, शशी भूषण शर्मा, कोआॅर्डिनेटर नरेंद्र राठी, पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोज कौशिक, अरविन्द वर्मा, श्याम पोरवाल, पण्डित सुरेश दौसा, गिरीश शर्मा, अमित गौड, इस्लाम आदि मौजूद रहे।