टैक्स बढ़ोत्तरी के खिलाफ कांग्रेस नेता नसीम खान ने शुरू किया हस्ताक्षर अभियान

गाजियाबाद। कांग्रेस नेता नसीम खान ने नगर निगम द्वारा बढ़ाए गए हाउस टैक्स के विरोध में निगम कार्यालय के गेट पर हस्ताक्षर अभियान शुरू किया। नसीम खान ने कहा कि शहर का हर नागरिक टैक्स बढ़ोत्तरी के खिलाफ है। इसके विरोध में सैंकड़ों लोग हस्ताक्षर कर अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं। इतना ही नहीं निगम कर्मचारियों ने भी इस अभियान में सम्मिलित होकर हस्ताक्षर किए। कांग्रेसी नेता ने कहा कि हाउस टैक्स बढ़ाए जाने से निगम क्षेत्र का हर नागरिक प्रभावित हो रहा है। उनकी जेब पर बोझ पड़ रहा है जिससे उनका घरेलू बजट भी गड़बड़ा गया है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों पर आरोप लगाया कि जिसे मतदाता ने उन्हें वोट देकर जीत दिलाई,उसके बदले में भाजपा नेताओं ने उन्हें टैक्स बढ़ोत्तरी का तोहफा दिया है। नसीम खान ने लोगों से हस्ताक्षर अभियान में हिस्सा लेकर टैक्स बढ़ोत्तरी का विरोध करने की अपील की है। इसके अलावा अब हर दिन दो वार्ड में यह अभियान चलाएंगे। इसकी प्रति डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजी जाएगी। इस मौके पर पीसीसी सदस्य सुरेन्द्र शर्मा, कांग्रेस नेता राजेन्द्र शर्मा, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सलमान मंसूरी, देव राजपूत, आसिफ इकबाल, आसिफ सिद्दीकी, कृष्ण कुमार गौतम, शाहिद अब्बासी, मुस्तकीम सैफी, राजेन्द्र जाटव, सुनील कश्यप, महेन्द्र कश्यप, सुरेन्द्र कुमार, साहिल खान, सरफराज अहमद आदि मौजूद रहे।