उत्तर प्रदेशस्लाइडर

मुख्यमंत्री ने पाण्डेयहाता, गोरखपुर में व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स हेतु भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया

शहीद बन्धु सिंह तथा शहीद पं0 राम प्रसाद बिस्मिल की मूर्ति का अनावरण किया

मुख्यमंत्री घण्टाघर में आयोजित सामूहिक वन्दे मातरम् गायन में शामिल हुए,
शहीद बन्धु सिंह मल्टीलेवल पार्किंग में शीतला माता मन्दिर में दर्शन-पूजन किया

गोरखपुर का ऐतिहासिक घण्टाघर आजादी की लड़ाई का साक्षी रहा,
आज यह गोरखपुर का प्रेरणा और गर्व का केन्द्र बनता जा रहा : मुख्यमंत्री

पाण्डेयहाता से लेकर धर्मशाला बाजार तक विरासत गलियारे के निर्माण से सम्पूर्ण क्षेत्र को जाम व जल-जमाव से मुक्त करने, बिजली के बेतरतीब पोलों को व्यवस्थित करने, स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था करने तथा जन सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा

विरासत गलियारे के निर्माण के दौरान प्रभावितों का व्यवस्थित पुनर्वास किया जाएगा

सन् 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महान क्रान्तिकारी शहीद बन्धु सिंह
के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए उनकी मूर्ति की स्थापना की गयी

प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने
गोरखपुर सहित पूरे प्रदेश को माफिया मुक्त कर दिया

डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में गोरखपुर में 300 से अधिक
कारखाने स्थापित, गीडा में 15,000 करोड़ रु0 से अधिक
का निवेश हुआ, 50,000 से अधिक युवाओं को नौकरी मिली

गोरखपुर में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क का उद्घाटन हो चुका

रामगढ़ताल टूरिस्टों के लिए अच्छा डेस्टिनेशन बना,
गोरखपुर में इण्टरनेशनल स्टेडियम, वॉटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बन रहा

बदलते हुए गोरखपुर ने स्मार्ट सिटी के रूप में अपनी पहचान बनायी,
सरकार गोरखपुर को सोलर सिटी के रूप में विकसित करने जा रही

चिलुआताल में फ्लोटिंग सोलर पैनल का शुभारम्भ
करने के लिए धनराशि उपलब्ध करायी गई

लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोरखपुर का ऐतिहासिक घण्टाघर आजादी की लड़ाई का साक्षी रहा है। शहीद बन्धु सिंह का स्मारक भी घण्टाघर में तैयार किया गया है। घण्टाघर ने पीढ़ियाँ बदलती हुई देखी हैं। वर्तमान पीढ़ी की जिम्मेदारी बनती है कि वह इसका पुनरुद्धार करे। आज यह गोरखपुर का प्रेरणा और गर्व का केन्द्र भी बनता जा रहा है। इस समय वन्दे मातरम् गीत का 150वां जयन्ती वर्ष चल रहा है, जो देश की आजादी की लड़ाई का मंत्र बन गया था। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को राष्ट्र के प्रतीकों, बाबा साहब डॉ0 भीमराव आंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान, भारत के राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, राष्ट्रध्वज तथा भारत के संविधान को सम्मान देना चाहिए। मुख्यमंत्री जनपद गोरखपुर में पाण्डेयहाता में 34 करोड़ रुपये की लागत से व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स हेतु भूमि पूजन एवं शिलान्यास तथा 29 करोड़ रुपये की लागत से ऐतिहासिक घण्टाघर के जीर्णोद्धार कार्य एवं शहीद बन्धु सिंह मल्टीलेवल पार्किंग और व्यावसायिक भवन का लोकार्पण करने के उपरान्त अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री घण्टाघर में आयोजित सामूहिक वन्दे मातरम् गायन में शामिल हुए। उन्होंने शहीद बन्धु सिंह मल्टीलेवल पार्किंग में शीतला माता मन्दिर में दर्शन-पूजन किया। शहीद बन्धु सिंह तथा शहीद पं0 राम प्रसाद बिस्मिल की मूर्ति का अनावरण किया। उन्होंने मल्टीलेवल पार्किंग का निरीक्षण तथा वहाँ निर्मित दुकानों का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के व्यापारियों की वर्षों पुरानी इच्छा थी कि शहीद बन्धु सिंह पार्क के आसपास ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात मिले और यहाँ एक कॉम्प्लेक्स का निर्माण हो। नगर निगम गोरखपुर ने इस समस्या का समाधान निकाला। अगर नीयत साफ हो, तो नजारे बदलते देर नहीं लगती। पाण्डेयहाता में 34 करोड़ रुपये की लागत से 01 आधुनिक कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा, जिसमें प्रथम चरण में 28 चार-पहिया वाहन पार्किंग तथा 65 दुकानों का निर्माण किया जाएगा। दूसरे चरण में बेसमेण्ट का निर्माण किया जाएगा, जिसमें 54 चार-पहिया वाहन एवं 68 दो-पहिया वाहन पार्किंग का निर्माण होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष में कम से कम एक से दो बार उन्हें घण्टाघर के पास किसी न किसी कार्यक्रम में आने का अवसर मिलता था। उस समय यहां आने में बड़ी कठिनाई होती थी। व्यापार के लिए सुरक्षा के साथ-साथ सुगमता की आवश्यकता होती है। पहले गुण्डा टैक्स की वसूली होती थी, जिससे व्यापारी व्यापार करने में हिचकता था। जब माहौल सुरक्षित हुआ, तो कन्जेशन भी बढ़ गया, जाम के कारण आवागमन बाधित हुआ। गोरखपुर में व्यापारियों को लेकर चिन्ता थी, तब सरकार ने पाण्डेयहाता से लेकर धर्मशाला बाजार तक विरासत गलियारे के बारे में विचार किया। इस सम्पूर्ण क्षेत्र को जाम व जल-जमाव से मुक्त करने, एक जैसी फसाड लाइटों की व्यवस्था करने, लगे हुए बिजली के बेतरतीब पोलों को व्यवस्थित करने, स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था करने तथा कुछ स्थानों पर जन सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य किया गया। ऐतिहासिक घण्टाघर जर्जर हो चुका था। इसके ऊपर बेतरतीब तार गुजरते थे। विरासत गलियारा तैयार होने के बाद यह सबसे सुन्दर सड़क होगी। इस गलियारे पर फिल्मों की शूटिंग भी हो सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सन् 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महान क्रान्तिकारी शहीद बन्धु सिंह के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए उनकी मूर्ति की स्थापना की गयी है। देश की आजादी के लिए काकोरी ट्रेन एक्शन की घटना लखनऊ में हुई थी, जिसके महानायक पं0 राम प्रसाद बिस्मिल को गोरखपुर जेल में बंद किया गया था। उन्हें फांसी की सजा दी गयी थी। फांसी की सजा के पूर्व जब माँ ने पं. राम प्रसाद बिस्मिल से पूछा कि क्या तुम घबरा रहे हो, तो उन्होंने कहा कि कोई घबराहट नहीं हो रही है। जेल अधीक्षक ने जब उनकी अन्तिम इच्छा पूछी, तो उन्होंने कहा कि उनकी एक ही इच्छा है कि वह बार-बार भारत की धरती पर जन्म लें और हमेशा देश के लिए ही उनका बलिदान हों।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद बन्धु सिंह व्यावसायिक भवन में शीतला माता का मंदिर भी बन गया है। कॉम्प्लेक्स में ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे व्यापारी व्यवसाय कर सकें और गलियारा खाली रहे। सुरक्षा, फायर एवं इलेक्ट्रिक सेफ्टी की व्यवस्था होनी चाहिए। शहीद बन्धु सिंह मल्टीलेवल पार्किंग में 50 चार-पहिया तथा 200 दो-पहिया वाहन खड़े हो सकते हैं। व्यावसायिक भवन में 43 दुकानें हैं। सामान्य दिनों में यहाँ पार्किंग होने के साथ-साथ सभा भी की जा सकेगी। यह एक बड़ा परिवर्तन है। इस प्रकार का परिवर्तन ही लोगों के जीवन को सुगम व ट्रैफिक फ्रेण्डली बनाता है। आवागमन सुगम होगा, तो हमारा शहर भी स्मार्ट होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विरासत गलियारे के निर्माण के दौरान यदि कोई भी दुकान या व्यक्ति प्रभावित हुआ है, तो उसका व्यवस्थित पुनर्वास किया जाएगा। शहीद बन्धु सिंह व्यावसायिक भवन में लोगों को एक छत के नीचे सब-कुछ खरीदने का अवसर प्राप्त होगा। आज कालीबाड़ी का मन्दिर बहुत अच्छा बन गया है। सड़कें चौड़ी हुई हैं। पहले बिजली नहीं आती थी, अब पर्याप्त बिजली मिल रही है। पूर्व में प्रत्येक जनपद में माफियाओं की समानांतर सरकारें चलती थीं। नौजवानों के समक्ष पहचान का संकट था। अब उत्तर प्रदेश का नौजवान अन्य राज्यों में जाता है, तो उसे पहचान का संकट नहीं है। वहाँ उसे सम्मान प्राप्त होता है। आज उत्तर प्रदेश में सुरक्षा का माहौल है। यहाँ अब उपद्रव नहीं उत्सव है। आज उत्तर प्रदेश में अराजकता नहीं है। माफिया मुक्त उत्तर प्रदेश में व्यापारी और बेटियाँ सुरक्षित हैं और समृद्धि व स्वावलम्बन की नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व गोरखपुर की पहचान माफिया, मच्छर और इंसेफेलाइटिस से की जाती थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने गोरखपुर सहित पूरे प्रदेश को माफिया मुक्त कर दिया है। आज उत्तर प्रदेश उपद्रव व दंगा मुक्त है। प्रदेश इंसेफेलाइटिस से मुक्त हो चुका है। पूर्व की प्रदेश सरकार द्वारा जब इंसेफेलाइटिस के उपचार में कोई मदद नहीं मिलती थी, तो यहाँ के व्यापारियों की सहायता से गरीबों की मदद की जाती थी। गोरखपुर के व्यापारियों ने अपने व्यवसाय एवं सुरक्षा की परवाह किए बगैर माफिया और मच्छर के खिलाफ सदैव हमारा सहयोग किया। यह परिवर्तन तब आता है, जब व्यक्ति स्वयं की परवाह न करते हुए अपने नगर, जनपद, प्रदेश और देश के बारे में सोचता है। आज सभी को बिना भेदभाव शासन की सभी योजनाओं का लाभ प्राप्त हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के पूर्व बीआरडी मेडिकल कॉलेज स्वयं बीमार था। उस समय कोई एम्स की कल्पना भी नहीं करता था। फर्टिलाइजर कारखाना बन्द हो गया था। पिपराइच एवं धुरियापार की चीनी मिलें बन्द हो गई थीं। उस दौरान गोरखपुर में मात्र दो कारखाने स्थापित किए गए थे। विगत 09 वर्षों में डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में गोरखपुर में 300 से अधिक कारखाने स्थापित किए गए हैं। पिपराइच की चीनी मिल चालू हो गई है। गीडा में उद्योगों की बाढ़ आ गई है। गीडा में 15,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश हुआ है। 50,000 से अधिक युवाओं को नौकरी मिली है। प्रत्येक स्तर पर विकास किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर का बीआरडी मेडिकल कॉलेज स्वस्थ हुआ है। अब गोरखपुर में एम्स भी है। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे, वाराणसी व देवरिया के लिए फोरलेन कनेक्टिविटी, गोरखपुर में एयर कनेक्टिविटी और रेलवे की नई-नई सुविधाएँ संचालित हो रही हैं। इसके साथ ही गोरखपुर शिक्षा के केन्द्र के रूप में भी विकसित हुआ है। आज गोरखपुर में चार-चार विश्वविद्यालय संचालित हैं। पहले गोरखपुर में गोरखपुर विश्वविद्यालय ही संचालित था। आज गोरखपुर में महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय, महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय तथा मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय भी संचालित है। चिकित्सा की सुविधा के लिए गोरखपुर में 03 मेडिकल कॉलेज तथा आयुर्वेद कॉलेज भी संचालित हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज गोरखपुर में राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (नाईलेट), पॉलिटेक्निक एवं आईटीआई भी है। टाटा संस के अध्यक्ष श्री एन0 चंद्रशेखरन आगामी 15 अप्रैल को, सेण्टर ऑफ एक्सीलेंस के लिए गोरखपुर आ रहे हैं। इससे यहां के नौजवानों को रोजगार की सुविधा उपलब्ध होगी। गोरखपुर में चिड़ियाघर है। रामगढ़ताल टूरिस्टों के लिए अच्छा डेस्टिनेशन बना है। गोरखपुर में इण्टरनेशनल स्टेडियम, वॉटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बन रहा है। गोड़धोइया नाले के पुनरुद्धार का कार्य भी लगभग पूर्ण हो रहा है। आगामी बरसात से पूर्व इसे पूर्ण कर लिया जाएगा। गोरखपुर में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क का भी उद्घाटन हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेण्ट एवं एल0ई0डी0 लाइट ने गोरखपुर शहर को स्वच्छ एवं जगमग बनाया है। बदलते हुए गोरखपुर ने स्मार्ट सिटी के रूप में अपनी पहचान बनायी है। सरकार गोरखपुर को सोलर सिटी के रूप में विकसित करने जा रही है। चिलुआताल में फ्लोटिंग सोलर पैनल का शुभारम्भ करने के लिए धनराशि उपलब्ध कराई गई है। इस प्लाण्ट से 20 मेगावॉट विद्युत का उत्पादन होगा। गोरखपुर की सभी स्ट्रीट लाइटें इसी सोलर पैनल से जलेंगी। इससे बिजली की बचत होगी तथा बची हुई बिजली को अन्य कार्यों में खर्च किया जा सकेगा। यह परिवर्तन तभी सम्भव है, जब सरकार साफ नीयत से जनहितैषी नीतियों पर कार्य करती है। इन नीतियों का परिणाम सभी को देखने को मिलता है। इसी अभियान के तहत प्रदेश के सभी शहरों में परिवर्तन देखने को मिल रहा है। आज अयोध्या एवं काशी जाने पर परिवर्तन देखने को मिलेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रयागराज महाकुम्भ-2025 के दौरान पूरी दुनिया आस्था के साथ जुड़ी थी। यह परिवर्तन तभी सम्भव है, जब जनता-जनार्दन का समर्थन व सहयोग प्राप्त हो। जब हम संकीर्णता में पड़ते हैं, तो माफिया और मच्छर के पनपने का खतरा बना रहता है। प्रदेश सरकार ने तय किया है कि जीरो टॉलरेंस की नीति लगातार बनी रहेगी। सरकार प्रत्येक प्रदेशवासी के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार ने विगत 09 वर्षों में कोई भी नया कर नहीं लगाया है। उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था तीन गुना बढ़ी है। कर की व्यवस्था उसी प्रकार होनी चाहिए, जिस प्रकार बादल समुद्र से जल लेकर फिर बारिश करते हैं। इससे विकास व समृद्धि आएगी और यह समृद्धि प्रधानमंत्री जी के ‘विकसित भारत’ के विजन को आगे बढ़ाने का कार्य करेगी।
कार्यक्रम को गोरखपुर के सांसद श्री रवि किशन शुक्ल व विधायक श्री विपिन सिंह, गोरखपुर के महापौर डॉ0 मंगलेश श्रीवास्तव ने भी सम्बोधित किया।
इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेन्द्र सिंह, विधायक प्रदीप शुक्ला, राजेश त्रिपाठी, महेन्द्र पाल सिंह, फतेह बहादुर सिंह, विमलेश पासवान, श्रीराम चौहान, सरवन कुमार निषाद, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button