चर्चा-ए-आमराष्ट्रीय

चर्चा-ए-आम:-विनेश ने उड़ा दी भाजपा की नींद!

  • अश्लीलता पर उतर आए भाजपा नेता ब्रज भूषण सिंह
  • हरियाणा मुख्यमंत्री सहित कई भाजपा नेताओं ने दिए अशोभनीय बयान
    कमल सेखरी
    अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का मान सम्मान बढ़ाने वाले दर्जनों मेडल जीतकर युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का प्रतीक बनी विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया के कांग्रेस में शामिल होने पर भारतीय जनता पार्टी के हरियाणा सहित सभी बड़े राष्ट्रीय नेताओं की नींद उड़ गई है। भाजपा के कई बड़े नेता जिस निम्न स्तर की भाषा का इस्तेमाल करते हुए विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया पर जिस तरह के आरोप लगा रहे हैं उससे लगता है कि भाजपा के नेता मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता कहे जाने वाले पूर्व सांसद भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष ब्रजभूषण सिंह विनेश फोगाट को लेकर अश्लील भाषा का इस्तेमाल करते हुए कई गंभीर आरोप लगा रहे हैं। देश के कई बड़े और नामी इलेक्ट्रानिक चैनलों पर जा जाकर वो जो बातें कह रहे हैं वो देश को शर्मसार तो कर रही हैं साथ ही देश की युवा पीढ़ी में आक्रोश भी पैदा कर रहे हैं। विनेश फोगाट ने अभी हाल में पेरिस में हुए ओलंपिक खेलों में महिला कुश्ती चैंपियनशिप में जिस तरह का प्रदर्शन दिखाया उससे युवा पीढ़ी तो प्रभावित हुई ही साथ ही देश के हर नागरिक का दिल भी विनेश फोगाट ने जीत लिया। विनेश ने एक ही दिन में तीन बड़ी कुश्तियां जीतकर पूरे विश्व को चकित कर दिया। खासतौर पर पिछले ओलंपिक की गोल्डमेडलिस्ट और विश्व महिला कुश्ती की चार बार से लगातार चैंपियन रही महिला पहलवान को दूसरे ही राउंड में जिस तरह से पराजित किया उससे लग रहा था कि विनेश हर सूरत में गोल्ड मेडल जीतकर ही भारत लौटेंगी। दुर्भाग्य रहा कि विनेश कुश्ती के फाइनल में मात्र सौ ग्राम वजन अधिक होने पर चैंपियनशिप से बाहर कर दी गर्इं। लेकिन भारत सहित पूरे विश्व ने विनेश का लोहा माना। अब भारत की ऐसी गौरवशाली प्रतिभा के डिस्क्वालीफाई होने पर भाजपा नेता ब्रजभूषण सिंह ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए जिस भद्दी भाषा में विनेश पर कई गंभीर आरोप लगाए उससे पूरे देश को पीड़ा पहुंची है। विनेश पर ऐसे आरोप क्यों लगाए गए कि देश का हर नागरिक जानता है उसे दोहराने की जरूरत नहीं है। अब विनेश अपनी कर्मभूमि जुलाना जहां उसकी ससुराल है वहां से कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा का चुनाव लड़ रही हैं। विनेश के जुलाना पहुंचने पर जो भव्य स्वागत हुआ उसे देखकर हरियाणा सहित भाजपा के कई और बड़े नेता भी बौखला गए। हरियाणा के मुख्यमंत्री और भाजपा के कई नेताओं ने विनेश को लेकर जो टिप्पणियां की उससे भी देश को पीड़ा पहुंची है। इन बड़े नेताओं ने कहा कि विनेश अब भारत की बेटी नहीं रहीं वो कांग्रेस की बेटी हो गई हैं। इससे पहले कई बड़े खिलाड़ी अपने खेल छोड़ने के बाद अलग-अलग राजनीतिक दलों में जाकर चुनाव लड़ चुके हैं। कीर्ति आजाद, चेतन चौहान, गौतम गंभीर जैसे बड़े खिलाड़ियों ने भाजपा का दामन थामकर चुनाव लड़ा, इसके अलावा सचिन तेंदुलकर को भी कांग्रेस ने राज्यसभा का सदस्य बनाया। युसूफ पठान और सौरभ गांगुली भी बंगाल की राजनीति में कूदे। देश के किसी राजनेता ने इन नामी खिलाड़ियों के अलग-अलग दलों से राजनीति में प्रवेश करने पर कोई टिप्पणी नहीं की। फिर विनेश फोगाट के राजनीति में आने पर भाजपा ने इतनी बौखालाहट क्यों दिखाई। इतना ही नहीं इसके कुछ नेताओं ने अश्लीलता की हदें पार करते हुए देश की इस बेटी जिसने अभी कुछ दिन पहले ही देश को इतना बड़ा गौरव दिलाया जिसकी चर्चा पूरे विश्व में हुई उस देश की बेटी पर जिस तरह से टिप्पणियां की गर्इं और गंदी भाषा में बयान दिए गए उससे उन राजनेताओं के सामाजिक स्तर का तो पता चलता ही है साथ ही उनके ऐसे आचरण से देश दुखी भी है। ऐसे ही कुछ कारण हैं जिससे लग रहा है कि इस बार हरियाणा के चुनाव में भाजपा औंधे मुंह आकर गिरेगी क्योंकि हरियाणा के लोग इतने स्वाभिमानी जरूर हैं कि वो हरियाणा की बेटी के सम्मान को पहुंचाई गई ऐसी ठेस को बर्दाश्त नहीं करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button