बॉलीवुड के हीमैन धर्मेंद्र का निधन, प्रशंसकों में मायूसी

गाजियाबाद। बॉलीवुड के हीमैन कहे जाने वाले सुपरस्टार धर्मेंद्र का 24 नवम्बर को 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। मुंबई के विले पार्ले स्थित पवन हंस श्मशान भूमि में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके निधन के बाद फिल्म इंडस्ट्री में मातम पसरा है। धर्मेंद्र कुछ दिन पहले ही लंबी बीमारी के बाद घर लौटे थे। उनके निधन पर राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसाइटी निवासी प्रशंसक गौरव बंसल ने मायूस होते हुए कहा है कि धर्मेंद्र पाजी एक लीजेंड थे और लीजेंड हमेशा जिंदा रहते हैं। इसी के साथ उन्होंने लगभग 32 साल पुरानी यादें ताजा करते हुए एक फोटो भी साझा किया है। जिसमें वह सुपरस्टार धर्मेंद्र के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि सन 1993 में मुंबई फिल्मिस्तान स्टूडियो में फिल्म जुआरी की शूटिंग के दौरान उस दौर के सुपरस्टार धर्मेंद्र के साथ उनकी मुलाकात हुई थी। उस दौर में मोबाइल कैमरे नहीं चलते थे तब स्टील कैमरे में उन्होंने अपने पसंदीदा स्टार के साथ उस पल को कैद किया था। इसी दौरान फिल्म के अन्य हीरो शिल्पा शिरोडकर और अरमान कोहली से भी उनकी मुलाकात हुई थी। उन्होंने बताया कि धर्मेंद्र ने फिल्म सेट पर उन्हें चाय भी पिलाई थी। वह अत्यंत सरल और विशाल ह्रदय वाले थे। गौरव ने बताया कि धर्मेंद्र उनके सबसे फेवरेट हीरो में शुमार थे। गौरव बंसल ने उनकी आत्मा की शांति के लिए भगवान से प्रार्थना की है।



