पूर्व मंत्री राजपाल त्यागी जी के निधन पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी एवं उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने दी श्रद्धांजलि


गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी एवं उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गुरुवार को गाजियाबाद के लोहिया नगर स्थित आवास पर पहुँचकर पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं पूर्व विधायक स्व. श्री राजपाल त्यागी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। इस अवसर पर उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की एवं परिजनों को इस दु:ख की घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की ईश्वर से कामना की। श्री चौधरी एवं श्री पाठक ने वर्तमान विधायक अजीत पाल त्यागी को पितृशोक होने पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि भाजपा परिवार इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ा है।
भाजपा के महानगर अध्यक्ष श्री मयंक गोयल भी इस अवसर पर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि राजपाल त्यागी जी एक सादगीपूर्ण जीवन जीने वाले समर्पित जननेता थे, जिनका समूचा जीवन जनसेवा को समर्पित रहा। उनका जाना न केवल क्षेत्र के लिए, बल्कि प्रदेश की राजनीति के लिए भी अपूरणीय क्षति है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि राजपाल त्यागी ने अपने कार्यकाल में समाज के हर वर्ग के लिए कार्य किया। उनका व्यवहार, नेतृत्व और नीति आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है। हम सभी उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने के लिए संकल्पित हैं।



