डांसर के साथ अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा नेता बब्बन सिंह को पार्टी ने किया निष्कासित

लखनऊ। चीनी मिल सहकारी संघ रसड़ा बलिया के उप सभापति बब्बन सिंह रघुवंशी को भारतीय जनता पार्टी ने बाहर का रास्ता दिखा दिया है। भाजपा प्रदेश महामंत्री और मुख्यालय प्रभारी ने गोविंद नारायण शुक्ल ने बब्बन सिंह रघुवंशी को पार्टी से निष्कासित करने का पत्र जारी कर दिया है। बब्बन सिंह रघुवंशी का एक महिला डांसर के साथ अश्लील वीडियो इंटरनेट मीडिया पर खूब प्रसारित हो रहा है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी के पास जब यह मामला पहुंचा तो उन्होंने इस मामले में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी के बाद महासचिव गोविंद नारायण शुक्ल ने उन्हें पार्टी से निष्कासित करने का पत्र जारी कर दिया। उन्होंने लिखा कि इंटरनेट मीडिया पर चल रहे वीडियो एवं आपके वक्तव्यों के माध्यम से आपके द्वारा किये गए आचरण एवं कृत्य की जानकारी प्राप्त हुई है। आपके इस आचरण से पार्टी की छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है, जो कि अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। आपको तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित किया जाता है।