राजनीति

भाजपा द्वारा शिक्षक चुनाव की कार्ययोजना बैठक सम्पन्न, शिक्षक चुनाव भाजपा संगठन के लिए अत्यंत महत्वपूण

गाजियाबाद। भाजपा जिला एवं महानगर द्वारा नेहरू नगर स्थित कार्यालय पर मेरठ मंडल शिक्षक चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक कार्ययोजना बैठक सम्पन्न हुई। बैठक का आयोजन भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के नेतृत्व एवं जिलाध्यक्ष चैन पाल सिंह की उपस्थिति में किया गया। बैठक में बतौर मुख्य वक्ता भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री विकास अग्रवाल तथा बतौर अतिथि विधानपरिषद सदस्य (शिक्षक) श्रीचंद शर्मा शामिल हुए। बतौर मुख्य वक्ता क्षेत्रीय महामंत्री विकास अग्रवाल ने कहा कि शिक्षक चुनाव भाजपा संगठन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि शिक्षक समाज विचारधारा को गहराई से समझता है। संगठन का उद्देश्य केवल जीत दर्ज करना नहीं बल्कि शिक्षा जगत को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना है। सभी कार्यकर्ता यदि जिम्मेदारी से बूथ स्तर तक मेहनत करें, तो भाजपा निश्चित रूप से इस चुनाव में रिकॉर्ड जीत दर्ज करेगी।
महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा कि संगठन ने हमेशा शिक्षक चुनाव में अपनी सक्रिय भूमिका से बड़ी जीत दर्ज की है। पिछली बार भी भाजपा ने बड़े मार्जिन से विजय हासिल की थी। संगठन की यही अपेक्षा है कि कार्यकर्ता अभी से शिक्षक मतदाताओं तक पहुँचकर वोट बनवाने की मुहिम को धरातल पर और अधिक मजबूत करें। प्रत्येक शिक्षक मतदाता तक पहुँचने और संगठन की विचारधारा से उन्हें जोड़ने का संकल्प ही आगामी जीत की कुंजी है। बतौर अतिथि विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा ने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत कार्यकर्ताओं की कार्यकुशलता और अनुभव है। यही समर्पण भाजपा को निरंतर विजय दिलाता आया है। शिक्षक वर्ग की अपेक्षाओं को समझते हुए हमें बूथ स्तर तक संगठन की पकड़ और सशक्त करनी होगी। कार्यकतार्ओं का जोश और अनुशासन ही इस चुनाव को और सफल बनाएगा। जिलाध्यक्ष चैन पाल सिंह ने कहा कि शिक्षक चुनाव केवल एक राजनीतिक चुनाव नहीं बल्कि विचारधारा और शिक्षण समाज की आस्था का चुनाव है। कार्यकर्ता यदि एकजुट होकर शिक्षक मतदाताओं के बीच पहुंचें, तो निश्चित रूप से भाजपा की पुन: ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित होगी। बैठक में शिक्षक चुनाव महानगर संयोजक बॉबी त्यागी एवं सहसंयोजक बिरजू पंडित द्वारा प्रस्तुत की गई चुनावी तैयारियों पर विस्तृत चर्चा करते हुए मंडल संयोजक संग वार्ता कर आवश्यक सुधार और रणनीतिक बिंदुओं को दुरुस्त किया गया। बैठक में अभियान के मंडल संयोजक एवं महानगर स्तर के अनेक पदाधिकारी व आयामों के सहयोगी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button