बिग बॉस- 2025 की प्रतिभागी मालती चाहर पहुंची आईटीएस, छात्रों से किया संवाद

गाजियाबाद। आईटीएस मोहननगर में बिग बॉस-2025 की शीर्ष 6 प्रतिभागियों में सम्मिलित मालती चाहर ने छात्रों से संवाद किया। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारम्भ आईटीएस-द एजुकेशन ग्रुप के वाईस चेयरमैन अर्पित चड्ढा, अतिथि मालती चाहर, फिल्म निर्माता समीर चाहर एवं संस्था के निदेशक डॉ. अजय कुमार, डॉ. सुनील पांडेय एवं डॉ. नैंसी शर्मा ने मां सरस्वती की प्रतिमा के चरणों में दीप प्रज्जवलित कर किया।
अपने स्वागत सम्बोधन में अर्पित चड्ढा ने कहा कि हमारे देश में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है तो इन प्रतिभावान छात्रों को आगे आने के लिए अवसर प्रदान करने की। उन्होंने कहा कि मालती चाहर ने अपनी मेहनत एवं लगन से अपने लिए एक अप्रतिम स्थान सृजित किया है वह युवाओं के लिए एक प्रेरणा का काम करती है। उन्होंने अतिथियों का धन्यवाद किया। इसके पश्चात अतिथि के रूप में उपस्थित मालती चाहर ने आई. टी. एस मोहननगर द्वारा किये जा रहे प्रयास की सराहना करते हुए सभी प्रतियोगी छात्रों को बधाई दी। उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि आप सभी से जुड़ना मेरे लिए बहुत खुशी की बात है। आप ऐसे दौर में पढ़ाई कर रहे हैं जहाँ अवसर असीमित हैं, लेकिन साथ ही चुनौतियां भी तेजी से बदल रही हैं। भविष्य सिर्फ आपकी डिग्री नहीं देखेगा, बल्कि यह देखेगा कि आप कितने आत्मविश्वासी, लचीले और सीखने के लिए तैयार हैं। उन्होंने छात्रों के संवाद करते हुए एवं उनके प्रश्नों का उत्तर देते हुए कहा कि आज के समय में सबसे पहले अपने आप पर विश्वास रखें। आत्मविश्वास यह नहीं है कि हमें सब कुछ आता हो, बल्कि यह है कि हम नई परिस्थितियों का सामना साहस के साथ कर सकें। उन्होंने कहा कि जीवन में संवाद कौशल, टीमवर्क, रचनात्मक सोच, अनुशासन और भावनात्मक समझ—ये सभी आपके करियर में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कक्षा के बाहर की गतिविधियों में भाग लें और अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकलने से न डरें तथा असफलता से घबराएँ नहीं। असफलता आपको मजबूत बनाती है और आगे बढ़ने का रास्ता दिखाती है। हर गिरावट आपको कुछ न कुछ सिखाती है। और इसके साथ मालती चाहर ने न केवल अपने अनुभव साझा किये बल्कि फोटो भी खिचवाएं।



