गाजियाबाद

भविष्य एजुकेशन एंड परफॉर्मिंग आर्ट फाउंडेशन ने किया न्यू एरा स्कूल में डेंटल हेल्थ कैंप का आयोजन

गाजियाबाद। गैर राजनीतिक संस्था भविष्य फाउंडेशन द्वारा न्यू एरा स्कूल में डेंटल हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों के मुख एवं दंत स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से इस कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप का नेतृत्व डॉ. सुरभि चौधरी ने किया, जिनके साथ डॉ. साक्षी अत्रेय एवं डॉ. अखिलेश त्यागी ने बच्चों के दंत स्वास्थ्य की जाँच की तथा दाँतों को स्वस्थ रखने के लिए आवश्यक सुझाव एवं उपयोगी जानकारियाँ प्रदान कीं। फाउंडेशन के संस्थापक एडवोकेट दीपक गुप्ता ने बताया कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनका स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। भविष्य फाउंडेशन की टीम सदैव इस दिशा में प्रयासरत रहती है कि बच्चों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सशक्त बनाया जा सके। कैंप के दौरान विद्यार्थियों को टूथब्रश, टूथपेस्ट आदि वितरित किए गए और उन्हें दाँतों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालय की निदेशिका डॉ. ममता मलिक ने अपने संदेश में कहा स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ मस्तिष्क की नींव है। ऐसे आयोजन बच्चों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदार बनाते हैं। अकादमिक निदेशिका सुश्री आयुषी मलिक ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आज के इस शिविर से बच्चों ने यह समझा कि छोटी-छोटी आदतें जीवन में बड़े बदलाव ला सकती हैं। मौखिक स्वच्छता उनका आत्मविश्वास बढ़ाने का माध्यम है। प्रधानाचार्या डॉ. किरण दिलवाल ने कहा कि न्यू एरा पब्लिक स्कूल सदैव विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए तत्पर रहता है। यह कैंप स्वास्थ्य शिक्षा का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। विद्यालय प्रशासन ने सभी डॉक्टरों डॉ. सुरभि चौधरी, डॉ. साक्षी अत्रेय, डॉ. अखिलेश त्यागी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button