भाकियू (अनाज) ने ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट पर दिया धरना


गाजियाबाद। भारतीय किसान यूनियन (अनाज) ने ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में ग्रामीणों की कई समस्याओं के बारे में अवगत कराते हुए उनका निदान कराने की मांग की।उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत विभाग के कर्मचारी भोले भाले गांव के लोगों को बहका कर घरों में स्मार्ट मीटर के नाम पर प्रीपेड मीटर लगाने का काम कर रहे हैं। जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव में सभी लोगों के पास स्मार्टफोन नहीं होते तो वो कैसे बिल का पता करें और कैसे अपना बिल जमा करें ये भी एक समस्या है। अत: इस और भी ध्यान देना आवश्यक है। ग्रामीणों का कहना है कि बिना पूर्व सूचना के बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है और बिल जमा करने के बावजूद भी कई कई दिनों तक आपूर्ति पुन: चालू नहीं की जाती। जिससे लाइट व पानी की भारी किल्लत होती है। स्मार्ट मीटर/ प्रीपेड मीटर को लगवाना उपभोक्ता की अपनी मर्जी पर निर्भर होता है, ये उच्च न्यायालय व केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण का भी आदेश है अत: जबरदस्ती या धोखाधड़ी करके स्मार्ट मीटर के नाम पर प्रीपेड मीटर लगाए जाने पर तत्काल रोक लगाई जाए। उन्होंने जिलाधिकारी का ध्यान निजी स्कूलों की मनमानी को लेकर भी आकर्षित कराया। जनपद के शहरी क्षेत्र के अलावा ग्रामीण क्षेत्र में भी निजी स्कूल संचालकों ने किताब, ड्रेस, डेवलपमेंट चार्ज/एनुअल चार्ज आदि के माध्यम से अभिभावकों का उत्पीड़न किया जा रहा है जिससे ग्रामीण काफी परेशान हैं। ग्रामीण क्षेत्र में निवास करने वाले गरीब किसान, मजदूर, आम आदमी के लिए अपने बच्चों को शिक्षा दिलाना इसी कारण से मुश्किल होता जा रहा है। इस संबंध में उचित एवं आवश्यक कार्यवाही कर स्कूल संचालकों की मनमानी पर रोक लगाने का कष्ट करे, ताकि गरीबों के बच्चे भी शिक्षा प्राप्त कर सके। बे मौसम बारिश की वजह से किसानों की फसल के हुए नुकसान के लिए किसानों को उचित मुआवजा दिलाया जाए। इन दिनों गैस की कमी के चलते शादी – विवाह में काफी परेशानी हो रही है। इसलिए शादी के लिए अलग से पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर की व्यवस्था कराई जाए।



