दिन में तपिश के बाद शाम होते-होते बदल गया मौसम का मिजाज, धूलभरी आंधी के साथ हुई हल्की बूंदाबांदी
गाजियाबाद। दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार की शाम अचानक मौसम खुशनुमा हो गया है। धूल भरी आंधी चलने से राहगीरों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा हालांकि हवा तेज होने से गर्मी से कुछ राहत जरूरी मिली है। मौसम विभाग ने कल ही हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना जताई थी। साथ ही गरज के साथ बिजली चमकने के आसार जताए थे। गुरुवार को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.9 डिग्री अधिक 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में बदलाव आया है। ऐसे में तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट होगी। इसके अलावा, पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के बाद तापमान में एक बार फिर से बढ़ोतरी होनी शुरू होगी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार दिल्ली में अगर अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर है और सामान्य से साढ़े चार डिग्री सेल्सियस ज्यादा है तो उसे लू की स्थिति माना जाता है। जबकि, सामान्य से साढ़े छह डिग्री ज्यादा तापमान होने पर उसे गंभीर लू की स्थिति (सीवियर हीट वेव) की स्थिति माना जाता है। गुरुवार को भी दिल्ली के कई इलाकों में 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा तापमान रहा। शाम को मौसम बदलने से लोगों ने राहत की सांस ली। कई जगह हल्की बूंदाबांदी भी हुई। आंधी के कारण कई इलाकों में बिजली बाधित रही।