
- चिकित्सा विभाग ने किया राहत शिविर के पास अपना कैम्प स्थापित


गाजियाबाद। हरियाणा प्रदेश के हथिनी कुंड (लाजेवाला) बैराज से छोड़े जा रहे जल के दृष्टिगत जनपद गाजियाबाद के तहसील लोनी क्षेत्रान्तर्गत प्रभावित ग्राम बदरपुर, मीरपुर हिन्दू, पचायरा, इलायचीपुर, लुत्फुल्लापुर नवादा, अल्लीपुर में बढ़े हुए जलस्तर एवं प्रभावित परिवारो को आवश्यक सुविधाऐ उपलब्ध कराने हेतु जिलाधिकारी गाजियाबाद निर्देशों के अनुपालन में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सौरभ भट्ट, ज्वाईंट मजिस्ट्रेट उपजिलाधिकारी लोनी दीपक सिंघनवाल एवं तहसीलदार लोनी डॉ. अरूण कुमार अग्रवाल द्वारा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया तथा बाढ़ प्रभावित स्थानों से निकाले गये व्यक्तियों के साथ वार्ता की गयी।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गाजियाबाद द्वारा बताया गया कि तहसील लोनी क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित लगभग 250 व्यक्तियों को दिन में 3 बार खाने के पैकेटों का वितरण कराया जा रहा है तथा सभी के लिये शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की गयी है। छोटे बच्चों एवं वृद्धों के लिये पर्याप्त मात्रा में दूध का वितरण कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त चिकित्सा विभाग द्वारा राहत शिविर के पास अपना कैम्प स्थापित किया गया है, जहाँ आवश्यकतानुसार क्लोरीन, जिंक, पैरासिटामोल आदि टैबलेट/दवाईयो तथा ओ०आर०एस० के पैकेटो का वितरण कराया जा रहा है। किसी भी आकस्मिकता की स्थिति के दृष्टिगत मौके पर ही एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की गयी है। प्रभावित परिवारो के मवेशियों हेतु पर्याप्त चारा उपलब्ध कराया जा रहा है। यमुना नदी का जलस्तर पहले की अपेक्षा कम हुआ है, जो आज 211.40 मीटर बना हुआ है। जिला प्रशासन द्वारा सर्तक दृष्टि रखी जा रही है तथा स्थिति नियंत्रण में है।



