किसानों की समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन

गाजियाबाद। समय से उपलब्ध नहीं हो पा रही खाद तथा किसानों की समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी का जिला मुख्यालय पर जमकर प्रदर्शन हुआ जिसका नेतृत्व जिला अध्यक्ष निमित यादव ने किया। जिलाध्यक्ष निमित यादव ने कहा कि प्रदेश में खाद की भारी किल्लत के कारण किसानों को घंटों लाइन में लगने के बावजूद खाद नहीं मिल पा रही है। यह सरकार की घोर नाकामी और किसानों के साथ किया जा रहा अन्याय है । योगी सरकार की लापरवाही ने किसानों की कमर तोड़ दी है। खेती का मौसम चल रहा है और किसानों को खाद उपलब्ध न कराना सीधे-सीधे उनकी आजीविका पर हमला है। यह बेहद शर्मनाक है कि किसान अपनी ही धरती पर अन्न उपजाने के लिए बुनियादी सुविधा के लिए तरस रहे हैं। प्रदेश सरकार केवल बड़े उद्योगपतियों की जेब भरने में लगी है, जबकि अन्नदाता दर-दर भटकने को मजबूर है। जिला महासचिव शैलेश कुमार ने कहा कि आम आदमी पार्टी मांग करती है कि किसानों को तत्काल पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए। खाद वितरण में भारी भ्रष्टाचार और कालीबाजारी पर रोक लगे और खाद वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए। संबधित दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई हो। खेती का मौसम चल रहा है, खाद की कमी से बुआई बाधित हो रही है। किसानों को राहत देने के लिए विशेष सहायता पैकेज घोषित किया जाए । किसानों को प्राथमिकता देकर अन्नदाता के हितों की रक्षा की जाए। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष निमित यादव, जिला महासचिव शैलेश कुमार,सतपाल सिसोदिया, जतिन शर्मा ,रवीश सिसोदिया, एडवोकेट इरफान खान ,एडवोकेट सुमित देशबंधु , सोढी सिंह, एडवोकेट शरदेंदु शर्मा, अशोक तोमर, लोकेश प्रजापति, वीरेंद्र दत्त, प्रशांत गुप्ता, अनुज शर्मा, सिराजुद्दीन फारुकी, पुष्पा, डॉ.आदित्य सिंह, आदित्य मिश्रा, नरेंद्र चावरिया, प्रेमपाल सिंह शाक्य आदि उपस्थित रहे।



