श्याम बाबा की विशाल निशान शोभा यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब

- श्याम नाम के जयकारों से पूरा शहर हुआ श्याम मय



गाजियाबाद। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शुक्रवार को श्याम बाबा की भव्य विशाल एवं संगीतमय निशान शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। यह शोभा यात्रा श्री ठाकुरद्वारा मंदिर हापुड़ मोड़ से प्रारंभ हुई। मंदिर प्रांगण में निशानों की पूजा अर्चना के बाद श्याम बाबा को भव्य श्रृंगार के साथ रथ पर विराजमान किया गया। बाबा की पावन जोत प्रज्जवलित करके शोभा यात्रा का शुभारंभ किया गया। रंग बिरंगे परिधानों से शोभित श्याम प्रेमी हाथों में निशान लेकर मंदिर प्रांगण से रवाना हुए।
ढोल नगाड़ों, शहनाई एवं डीजे की मधुर धुनों पर श्याम बाबा के मीठे भजनों को गाते हुए सभी श्याम प्रेमी शोभा यात्रा में शामिल हुए। इस निशान शोभा यात्रा में बच्चों, युवा वर्ग एवं बुजुर्गों का उत्साह देखते बना। यह शोभा यात्रा नगर के प्रमुख बाजारों जैसे दिल्ली गेट, चौपला, घंटाघर, राइट गंज, रमते राम रोड, जीटी रोड से चौधरी मोड़ होते हुए अम्बेडकर रोड से श्री बालाजी एवं खाटू श्यामजी मंदिर श्याम मार्ग गाजियाबाद के प्रांगण में पहुंची। यहां शोभा यात्रा ने विश्राम लिया। सभी श्याम प्रेमियों ने अपने निशान श्याम बाबा को अर्पित करके आशीर्वाद लिया। उपरांत सभी ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया।
यह भव्य आयोजन श्री खाटू श्याम कुटुम्ब सेवा परिवार मंदिर समिति ट्रस्ट रजिस्टर्ड एवं श्री श्याम परिवार समिति रजिस्टर्ड गाजियाबाद के द्वारा किया गया। यह संस्था श्री बालाजी एवं खाटू श्यामजी मंदिर श्याम मार्ग, अम्बेडकर रोड, गाजियाबाद के प्रांगण में श्याम बाबा की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से निरंतर प्रति वर्ष इस प्रकार के धार्मिक आयोजन कराती आ रही है। इस शुभ अवसर पर संस्था के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित हुए। जिन्होंने इस विशाल आयोजन को सफल बनाने में अपना पूरा सहयोग दिया।



