मधुबन-बापूधाम में कृषकों को विकसित भूखंड के आवंटन पत्र देने को 6 जनवरी को लगेगा विशेष शिविर

- आठ सौ एकड़ भूमि के क्रय के दौरान किसानों से जीडीए ने जो वायदा किया उसे निभाया
- 27 व 28 नवंबर 2025 को लॉटरी के माध्यम से 762 भूखंडों का आवंटन
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण एक ओर जहां हरनंदीपुरम आवासीय योजना के तहत आठ राजस्व ग्रामों की जमीन अधिग्रहण करने में जुटा हुआ है वहीं वह अपनी मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना में कास्तकारों से किए गए वादे को भी बखूबी निभा रहा है। जीडीए ने कृषकों से जो वायदा किया था उसे पूरा किया है। वर्ष 2004 में मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना के तहत जीडीए ने आठ सौ एकड़ भूमि कास्तकारों से क्रय की थी। वैसे पूरी आवासीय योजना 1374 एकड़ में है लेकिन आठ सौ एकड़ भूमि क्रय के दौरान जीडीए ने कास्तकारों से वादा किया था कि उन्हें 6/4 प्रतिशत विकसित भूखंड दिए जाएंगे। इसके तहत गत 27 नवंबर व 28 नवंबर 2025 को हिन्दी भवन में कृषकों की मौजूदगी में 762 भूखंडों का आवंटन लॉटरी द्वारा किया गया था। भूखंडों का आवंटन हो जाने के बाद कृषकों की सभी समस्याओं का समाधान हो गया था। अब जीडीए कृषकों के पक्ष में आवंटित भूखंडों के विशेष नंबर का आवंटन पत्र 6 जनवरी 2026 को प्राधिकरण के मधुबन-बापूधाम में स्थित कार्यालय पर कैंप लगाकर वितरित करेगा। जीडीए वीसी नंदकिशोर कलाल ने उक्त योजना में लाभान्वित होने वाले कृषकों से अपील की है कि वे 6 जनवरी को लगने वाले विशेष शिविर में पहुंचकर अपना आवंटन पत्र प्राप्त कर लें। भूखंडों का आवंटन पत्र प्राप्त करने के लिए कृषकों को भूखंड आरक्षण पत्र की फोटो कापी, पहचान पत्र की फोटो कापी कैंप में मौजूद अधिकारियों को देनी होगी।



