गाजियाबादस्लाइडर

किराया मांगने गई फ्लैट मालकिन को उतार दिया मौत के घाट, शव के टुकड़े कर बैग में छिपाया, गिरफ्तार

गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की ओरा कायमेरा सोसाइटी में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां किरायेदार दंपती ने किराया मांगने पर फ्लैट मालकिन की गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर शव के टुकड़ेटुकड़े कर बैग में छिपा दिया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची नंदग्राम थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने किरायेदार दंपती को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, बुधवार रात सवा 11 बजे पीआरवी के जरिये थाना नंदग्राम को सूचना मिली कि ओरा कायमेरा सोसाइटी में हत्या हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की तो पता चला कि राजनगर एक्सटेंशन स्थित ओरा सुमेरा सोसाइटी के फ्लैट नंबर एम-105 में रहने वाले उमेश शर्मा की पत्नी दीपशिखा शर्मा अपने दूसरे फ्लैट पर किराया लेने गई थीं। देर रात तक घर नहीं लौटने पर उनकी मेड को कुछ शक हुआ, जिसके बाद वह उस फ्लैट में गई। मेड ने वहां संदिग्ध स्थिति देख घर की तलाशी ली, जहां एक कमरे में रखे लाल रंग के बैग के अंदर दीपशिखा शर्मा का शव टुकड़ों में मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में फ्लैट में रह रहे किरायेदारों की पहचान अजय गुप्ता और उसकी पत्नी आकृति गुप्ता के रूप में हुई है। दोनों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी दंपती ने पांच-छह महीने से किराया नहीं दिया था। फ्लैट मालकिन दीपशिखा बुधवार को किराया मांगने के लिए फ्लैट पर गई थीं। इसी बात को लेकर दंपती ने गला घोंटकर महिला की हत्या कर दी और शव को बैग में छुपा दिया। एसीपी का कहना है कि मृतका के परिजनों की शिकायत के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button