राज्यलेटेस्टस्लाइडर

सीएम योगी ने खादी एवं सिल्क एक्सपो-2021 का किया उद्घाटन, चरखे से सूत काता

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खादी महोत्सव एवं सिल्क एक्सपो-2021 के उद्घाटन के दौरान उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर खादी के सूत की माला से माल्यार्पण किया। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा चरखे से सूत भी काटा। इस कार्यक्रम का आयोजन आजादी के अमृत महोत्सव के अन्तर्गत किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड एवं रेशम विभाग द्वारा आयोजित यह प्रदर्शनी 30 अक्टूबर, 2021 तक चलेगी।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पंडित दीन दयाल खादी विपणन विकास सहायता योजना, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना एवं प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के लभार्थियों को चेक, ऋण स्वीकृति प्रमाण पत्र एवं राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किये। साथ ही, पं. दीन दयाल उपाध्याय रेशम उत्पादकता पुरस्कार भी वितरित किए। इसके पूर्व, उन्होंने सोलर चरखे, विद्युत चालित चाक, दोना-पत्तल मशीनें एवं माटी कला बोर्ड के लाभार्थियों को टूलकिट वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदर्शनी के अवलोकन व टूलकिट वितरण कार्यक्रम में भारी वर्षा के बाद भी बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही। यह उनके धैर्य को दर्शाता है। इसी धैर्य से स्वतंत्रता सेनानियों ने देश को आजाद कराया था। उन्होंने कहा कि आज पुन: खादी के जश्न का अवसर है। खादी स्वदेशी, सम्मान तथा स्वावलम्बन का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस सदी की सबसे बड़ी महामारी के दौरान देश को आत्मनिर्भर भारत का मंत्र दिया। आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को प्राप्त किये बगैर कोई देश व कोई समाज सम्मानपूर्वक अपने जीवन को आगे नहीं बढ़ा सकता और न ही स्वावलम्बन का जीवन गुजर-बसर कर सकता है। प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिये वोकल फॉर लोकल को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग द्वारा प्रदेश में देशी, स्वदेशी व स्थानीय उत्पादों को तकनीक से जोड़ते हुए आगे बढ़ाने का कार्यक्रम प्रारम्भ किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक जनपद एक उत्पाद योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना तथा माटी कला बोर्ड से जुड़ी योजनाएं आज प्रदेश में एक ब्राण्ड के रूप में उभरी हैं। आने वाला समय खादी का है। खादी के प्रति लोगों का रुझान बढ़ा है। इस महोत्सव एवं प्रदर्शनी के प्रति लोगों में विशेष आकर्षण देखने को मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खादी पहले से ही अपने आप में आजादी का ब्राण्ड था। अब वह आत्म निर्भर भारत का ब्राण्ड बनने जा रहा है। खादी ने आजादी के लिये संघर्षरत स्वतंत्रता सेनानियों को एक मंच प्रदान किया था। खादी आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्पों को आगे बढ़ाने में ब्राण्ड के रूप में कार्य कर रही है।
इस अवसर पर औद्योगिक विकास राज्य मंत्री धर्मवीर सिंह, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष गोपाल अन्जान, अपर मुख्य सचिव एमएसएमई, खादी एवं ग्रामोद्योग एवं सूचना नवनीत सहगल सहित शासन प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button