राष्ट्रीयलेटेस्टस्लाइडर

रक्षा कंपनियां सैनिकों के लिए पिस्टल से लेकर फाइटर प्लेन बनाएंगी: मोदी

  • पीएम मोदी ने 7 नई रक्षा कंपनियों को देश को किया समर्पित
    नई दिल्ली।
    पीएम नरेन्द्र मोदी ने 7 नई रक्षा कंपनियों को देश को समर्पित करते हुए कहा कि आल का दिन बेहद शुभ है। विजयादशमी के दिन इसका शुभारंभ हो रहा है। शस्त्र पूजन से इस कार्यक्रम की शुरूआत हुई। उन्होंने कहा कि आज के दिन ही पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साहब की जयंती भी है। कलाम साहब ने जिस तरह अपने जीवन को शक्तिशाली भारत के निर्माण के लिए समर्पित किया, वो हम सबके लिए प्रेरणा देने वाला है। इस दौरान रक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने वीडियो संबोधन भी दिया। इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और रक्षा उद्योग संघों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सरकार ने देश की रक्षा तैयारियों में आत्मनिर्भरता में सुधार के कदम के तहत आयुध निर्माणी बोर्ड को एक विभाग से सरकार के पूर्ण स्वामित्व वाले सात निगमों में बदलने का निर्णय किया है। जिसके तहत पीएम मोदी ने इन्हें देश को समर्पित किया है।
    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नई कंपनियों की शुरूआत देश की संकल्प यात्रा का हिस्सा है। यह निर्णय पिछले 15-20 साल से अटका हुआ था। मुझे भरोसा है सातों कंपनियां आने वाले समय में भारत की सैन्य ताकत का आधार बनेंगी। पीएम ने कहा कि कुछ समय पहले ही रक्षा मंत्रालय ने ऐसे 100 से ज्यादा सामरिक उपकरणों की लिस्ट जारी की थी जिन्हें अब बाहर से आयात नहीं किया जाएगा। भारतीय सेना को मजबूती देने के लिए देश की सात रक्षा कंपनियां सैनिकों के लिए पिस्टल से लेकर फाइटर प्लेन बनाएंगी। इन कंपनियों को तीनों सेनाओं और अर्धसैनिक बलों से 65 हजार करोड़ रुपये के आॅर्डर मिले हैं। ये हमारी डिफेंस इंडस्ट्री में देश के विश्वास को दिखाता है।
    प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी आर्डिनेंस फैक्ट्रियां दुनिया की शक्तिशाली फैक्ट्रियों के रूप में जानी जाती थीं। इनके पास लंबा अनुभव है। विश्व युद्ध के समय इनका दमखम दुनिया ने देखा है। आजादी के बाद इन फैक्ट्रियों को अपडेट करने की जरूरत थी, इस पर विशेष ध्यान नहीं दिया गया। समय के साथ भारत सामरिक जरूरतों के लिए विदेशों पर निर्भर हो गया। इन परिस्थितियों से परिवर्तन लाने में ये कंपनियां भूमिका निभाएंगी। 
    आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत देश का लक्ष्य भारत को अपने दम पर दुनिया की बड़ी सैन्य ताकत बनाने का है, भारत में आधुनिक सैन्य इंडस्ट्री के विकास का लक्ष्य है। पिछले सात वर्षों में देश ने मेक इन इंडिया के मंत्र के साथ अपने इस संकल्प को आगे बढ़ाने का काम किया है। आजादी के बाद पहली बार हमारे डिफेंस सेक्टर में इतने बड़े रिफॉर्म हो रहे हैं। इसके लिए सिंगल विंडो सिस्टम की व्यवस्था की गई है। 
    जिन कंपनियों को शामिल किया गया है उनमें एडवांस्ड वेपंस एंड इक्विपमेंट इंडिया लिमिटेड, ट्रूप कंफर्ट्स लिमिटेड, इंडिया आॅप्टेल लिमिटेड, म्यूनिशन इंडिया लिमिटेड, अवनी आर्मर्ड व्हीकल्स, ग्लाइडर्स इंडिया लिमिटेड, यंत्र इंडिया लिमिटेड हैं। ये कंपनियां गोला-बारूद और विस्फोटक, वाहन, हथियार और उपकरण, सैन्य सुविधा आइटम, आॅप्टो-इलेक्ट्रॉनिक्स गियर, पैराशूट और सहायक उत्पादों का उत्पादन करेंगी। इन कंपनियों के हथियार निर्माण से भारतीय सेना को मजबूती मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button