राज्यलेटेस्टस्लाइडर

जनपद संतकबीर नगर विकास परियोजनाओं से आगे बढ़ेगा: सीएम योगी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद संतकबीर नगर में 245 करोड़ रुपए से अधिक लागत की 122 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने 220 करोड़ रुपए की 106 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 25 करोड़ रुपए की 16 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। लोकार्पित परियोजनाओं में 125 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित जिला कारागार भी शामिल है।
अपने सम्बोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में अब विकास की धुरी बदली है। आज लोगों को विकास के लिए आवाज नहीं उठानी पड़ती है। प्रदेश सरकार, राज्य के समग्र एवं निरन्तर विकास के लिए प्रतिबद्ध है। विकास से हर व्यक्ति के कल्याण का मार्ग प्रशस्त होगा। जनपद संतकबीर नगर इन विकास परियोजनाओं के माध्यम से विकास की मुख्य धारा के साथ जुड़कर आगे बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संतकबीर नगर बाबा तामेश्वर नाथ धाम व महान संत कबीर दास की भूमि है। दो वर्ष पहले प्रधानमंत्री ने संत कबीर की स्मृति में उनकी शब्द साधना को एक नई ऊंचाई देते हुए मगहर में कबीर पीठ की आधारशिला रखी थी जिसका शीघ्र लोकार्पण होगा। बाबा तामेश्वर नाथ धाम में पर्यटन विकास के विभिन्न योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के सफल प्रयासों से पूर्वी उत्तर प्रदेश में इन्सेफलाइटिस, डेंगू, मलेरिया जैसी विभिन्न बीमारियों के प्रकोप व उनसे होने वाली दुखद मृत्यु में कमी आयी है। प्रदेश सरकार हर व्यक्ति के उत्तम स्वास्थ्य हेतु बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं व सेवाएं प्रदान कर रही है। साथ ही, स्वास्थ्य क्षेत्र की आधारभूत अवसंरचना को निरन्तर विकसित कर रही है।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर एक नए रूप में जनता की सेवा कर रहा है। लोगों को इलाज के लिए अब लखनऊ, दिल्ली, मुम्बई नहीं जाना पड़ता है। गोरखपुर एम्स भी लगभग बनकर तैयार है, जिसका शीघ्र ही प्रधानमंत्री जी उद्घाटन करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि देवरिया, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, गोण्डा, बलरामपुर, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़ सहित विभिन्न जनपदों में मेडिकल कॉलेज के निर्माण की कार्यवाही प्रगति पर है।
जनपद बहराइच, अयोध्या तथा बस्ती के नवनिर्मित मेडिकल कॉलेज में विगत सत्र में ही एमबीबीएस के प्रवेश प्रारम्भ हो गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पीपीपी मोड पर एक नई नीति लेकर आ रही है। जिससे प्रदेश के सभी 75 जनपदों में मेडिकल कॉलेज होंगे और आने वाले समय में जनपद संतकबीर नगर में भी एक मेडिकल कॉलेज स्थापित होगा।
जनपद संतकबीर नगर में जिला कारागार का निर्माण किया गया है। संतकबीर नगर की पहचान महिलाओं द्वारा बर्तन निर्माण कार्य से जुड़ी हुआ करती थी। एक बार फिर से बखिरा में प्रदेश सरकार इस प्रकार का क्लस्टर विकसित करने जा रही है, जिससे यह क्षेत्र बर्तन उद्योग में पुन: वैश्विक मंच पर अपनी नई पहचान बना सके। इससे महिलाओं को रोजगार के व्यापक अवसर प्राप्त होंगे। पुलिस भर्ती में 20 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए रखी गई हैं। 90 हजार नौकरियां और आ रही हैं। प्रदेश सरकार प्रतियोगी परीक्षार्थियों को यात्रा भत्ता प्रदान करने जा रही है। साथ ही, अपने युवा विद्यार्थियों व परीक्षार्थियों को डिजिटल एक्सेस के साथ टैबलेट की सुविधा भी प्रदान करने जा रही है, जिससे कोरोना जैसी वैश्विक महामारी के दौरान भी वह पठन-पाठन का कार्य कर सकें।
इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने कृषि यंत्रीकरण योजना के अन्तर्गत जय भारत स्वयं सहायता समूह तथा गुजराती देवी महिला स्वयं सहायता समूह की सुश्री शकुन्तला देवी तथा सुश्री प्रियंका को कृषि यंत्र प्रदान किये। उन्होंने सामुदायिक शौचालय के रख रखाव के लिए मां लक्ष्मी एवं सुधा महिला स्वयं सहायता समूह की संजू देवी तथा सुधा देवी, पूजा स्वयं सहायता समूह की पूजा देवी, माँ आदित्री स्वयं सहायता समूह की संगीता चौबे, माँ दुर्गा स्वयं सहायता समूह की शान्ति देवी को 27 हजार का स्वीकृति पत्र प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना की लाभार्थियों गरिमा पाठक, स्नेहा सिंह, सुश्री रितु गुप्ता, श्रीमती देवंता, वंदना यादव को टूल किट प्रदान किये। उन्होंने शादी अनुदान योजना के अन्तर्गत विमला देवी, संगीता देवी, राजमती देवी, अमिना खातून, कुरेशा खातून को पुत्री की शादी के लिए 20-20 हजार रुपए का स्वीकृति पत्र प्रदान किया। उन्होंने महिला बन्दियों के बच्चों को पोषाहार किट वितरित किये तथा पुलिस विभाग द्वारा तैयार की गयी मिशन शक्ति पुस्तिका का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने कोविड संक्रमण के कारण अपने माता, पिता अथवा अभिभावकों को खोने वाले निराश्रित बच्चों को, उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अन्तर्गत शिक्षा, पोषण एवं भविष्य की सुरक्षा के लिए, प्रत्येक को 4 हजार रुपए की सहायता राशि का स्वीकृति पत्र प्रदान किया। उन्होंने कोरोना काल में दिवंगत 5 सरकारी कर्मचारियों के आश्रितों-सिंचाई विभाग में प्रिति निषाद, माध्यमिक शिक्षा विभाग में मीरा देवी, ग्राम्य विकास विभाग में नीतु शुक्ला, राजस्व विभाग में आलोक कुमार पाण्डेय व अमर को नियुक्ति पत्र प्रदान किये। उन्होंने मिशन शक्ति के स्टॉल का अवलोकन भी किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button