अन्तर्राष्ट्रीयस्लाइडर

काबुल में स्थिति भयावह, 120 भारतीयों को लेकर विमान ने भरी उड़ान,भारतीय गृह मंत्रालय ने वीजा नियमों में किया बदलाव

  • अफगानिस्तान में भारतीय दूतावास बंद, सभी अधिकारी व कर्मचारियों को निकाला गया सुरक्षित
    नई दिल्ली।
    तालिबानियों द्वारा अफगानिस्तान की राजधानी काबुल पर कब्जा कर लिए जाने के बाद से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। काबुल हवाई अड्डे पर लोगों की जमा भीड़ गवाही देती है कि वे अब अफगानिस्तान में नहीं रहना चाहते हैं। उधर, अमेरिका ने हवाई अड्डे पर अपने जवानों को और भी मुस्तैद कर दिया है। हवाई पट्टी को खाली कराने के लिए अमेरिकी सैनिक गोलियां भी दाग रहे हैं। अपुष्ट सूत्रों का कहना है कि अमेरिकी सैनिकों द्वारा की गई गोलीबार में दो हथियार बंद लोग मारे गए हैं। अमेरिका ने हालात पर काबू पाने और फंसे अपने सैनिकों की सुरक्षा के लिए एक हजार जवानों को तैनात करने का फैसला किया है। उधर, भारतीयों के लिए राहत की खबर है। काबुल में फंसे 120 भारतीयों को दिल्ली लाया जा रहा है। अफगानिस्तान में भारतीय दूतावास के सभी अधिकारियों व सुरक्षाकर्मियों को भारतीय वायुसेना का सी-17 हवाई जहाज आज तड़के काबुल से उड़ान भरकर भारत आ रहा है। बताया गया है कि इन सभी लोगों को कल रात ही काबुल हवाई अड्डे के सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया था। किसी तरह काबुल हवाई अड्डे पर ही रात गुजारने के बाद इन सभी को एयर इंडिया के विमान से भारत लाया जा रहा है।
    अफगानिस्तान में चारों तरफ मची है भगदड़
    काबुल में हालात बेकाबू होते देख लोग दहशत में हैं। वे किसी भी सूरत में अफगानिस्तान को छोड़ना चाहते हैं। तालिबान का कब्जा होने के बाद से अफगानिस्तान में भगदड़ मची हुई है। एयरपोर्ट को जाने वाला रास्ता गाड़ियों से अटा पड़ा है और कई किलोमीटर तक का जाम लगा हुआ है। कई उदारवादी लोग भी काबुल से पलायन कर रहे हैं।
    भारतीय गृह मंत्रालय ने वीजा नियमों में किया बदलाव
    काबुल में हालात बेकाबू होते देख भारत ने अपने वीजा नियमों में बदलाव किया है। इससे अफगानिस्तान छोड़कर भारत आने वाले लोगों को काफी मदद मिलेगी। जो लोग अफगानिस्तान से भारत आना चाहते हैं उनके लिए वीजा की नई श्रेणी ई-इमरजेंसी एक्स-मिस्क वीजा लागू किया गया है। इससे वीजा के आवेदनों का फास्ट ट्रैक निपटारा किया जा सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button