
- उत्कृष्टता, उत्साह और संस्कार का रहा अनूठा संगम
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के विवेकानंद कॉलेज में गैर-कॉलेजिएट महिला शिक्षा बोर्ड (एनसीवेब)का वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि प्रो. रंजन कुमार त्रिपाठी (छात्र कल्याण अधिष्ठाता) एवं गैर-कॉलेजिएट महिला शिक्षा बोर्ड की निदेशक प्रोफेसर गीता भट्ट रहीं। दोनों अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह को और भी विशेष बना दिया। प्राचार्या प्रो. पिंकी मौर्या ने स्नेहिल स्वागत करते हुए आयोजन को प्रेरक स्वरूप प्रदान किया। इस अवसर पर कॉलेज की वार्षिक पत्रिका प्रबोधिनी के नवीन अंक का लोकार्पण किया गया। टीचर इंचार्ज डॉ. कामिनी तनेजा ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला और सभी फैकल्टी सदस्यों के कार्यों की सराहना की। मुख्य अतिथि ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों का स्मरण कर छात्राओं को शिक्षा, आत्मबल और राष्ट्रनिर्माण में अपनी सशक्त भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों व छात्राओं की उत्साही भागीदारी के साथ उल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में डा.तुलसी, डा. भावना, डा.एकता जैन, प्रोफेसर रवि सिंह एवं प्रोफेसर विशाल ने अहम भूमिका अदा की।