
नई दिल्ली। वक्फ संशोधन बिल में एनडीए के साथ रहने वाले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए कांग्रेस सिरदर्द बन सकती है। बिहार में सोमवार को कांग्रेस ने पलायन रोको नौकरी दो यात्रा शुरू कर दी है। इस यात्रा में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पहुंचे। इस पदयात्रा में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। यात्रा के दौरान कई जगह लोगों ने फूलों की वर्षा की। राहुल गांधी यात्रा में शामिल होने के लिए बेगूसराय के सुभाष चौक पर पहुंचे और पैदल ही सुभाष चौक से महादेव चौक तक उन्होंने यात्रा में भाग लिया। कांग्रेस ने बिहार का प्रदेश अध्यक्ष बदलकर कन्हैया कुमार का बनाया है। कन्हैया कुमार के नेतृत्व में ही यह पदयात्रा निकाली जा रही है। राहुल गांधी की एक झलक पाने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। यात्रा में भाग लेने के बाद राहुल गांधी बिहार की राजधानी पटना के लिए रवाना हो गए। कांग्रेस की ओर से सोशल मीडिया पर दिये गये संदेश में कहा गया है कि बिहार के युवाओं को खुद के प्रदेश में नौकरी चाहिए ना कि पलायन। कांग्रेस की यात्रा का यही उददेश्य है कि सभी युवाओं को बिहार में ही नौकरी मिले ताकि उन्हें किसी दूसरे प्रदेश के लिए पलायन ना करना पड़े। इस यात्रा से बिहार के संघर्ष की आवाज और उम्मीद है। कांग्रेस की ओर से कहा गया है कि वर्षों से बिहार के युवा अन्याय झेल रहे हैं। बिहार के युवाओं को कांग्रेस न्याय का हक दिलाकर रहेगी।