महिलाओं एवं बालिकाओं को सशक्त, समृद्ध व स्वावलंबी बनाना हमारा प्रयास: जिलाधिकारी

- विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ठ कार्य करने वाली 500 महिलाएं/ बालिकाएं हुई शक्ति सम्मान से सम्मानित
- सरकार की योजनाओं से महिलाएं लाभान्वित हों: डॉ. मंजू शिवाच
- भाजपा सरकार में महिलाओं में हुई है सुरक्षा की भावना व्याप्त : नन्द किशोर गुर्जर


गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश शासन एवं जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अन्तर्गत जनपद में जिला प्रशासन गाजियाबाद द्वारा हिन्दी भवन, लोहिया नगर, गाजियाबाद में विभिन्न क्षेत्रों/विभागों में उत्कृष्ठ कार्य करने वाली महिलाओं/ बालिकाओं को जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में शक्ति सम्मान प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान कार्यक्रम में विधायक मोदीनगर डॉ. मंजू शिवाच, विधायक लोनी नन्द किशोर गुर्जर, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़, परियोजना निदेशक प्रदीप कुमार द्विवेदी, जिला विकास अधिकारी श्रीमती प्रज्ञा श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी अखिलेश मोहन, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ.पी. यादव, जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर, जिला सूचना अधिकारी योगेन्द्र प्रताप सिंह, सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक पवन भाटी एवं अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारम्भ जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्जवलन कर किया गया, इस दौरान विभिन्न विद्यालयों से आयीं बालिकाओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधायक मोदीनगर डॉ. मंजू शिवाच ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की योजनाओं से महिलाएं लाभान्वित हो रही है और अपने आपको सशक्त बना रही है। सरकार द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बैंकों से लोन प्रदान किया जा रहा है, जिससे वह अपना स्व: रोजगार कर प्रदेश की आर्थिक प्रगति में योगदान दे रही हैं। 2047 के विकसित भारत में महिलाओं की भागीदारी अति आवश्यक है, बिना महिलाओं को सशक्त किये विकसित भारत की परिकल्पना संभव नही है।
विधायक लोनी नन्द किशोर गुर्जर ने कहा कि वर्तमान में राज्य की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबन्द हुई है, महिलाएं किसी भी समय कहीं -भी आ जा सकती है, उनमें सुरक्षा की भावना व्याप्त हुई है। पुलिस विभाग में महिलाओं की तैनाती से आम महिलाएं अपने-आप को सुरक्षित महसूस कर रही है। प्रदेश सरकार द्वारा चलाये जा रहे मिशन शक्ति द्वारा सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने का काम जिला प्रशासन द्वारा किया जा रहा है जोकि अत्यंत ही सरहानीय है।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के द्वारा समाज की महिलाओं को जागरूक करने का कार्य सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा किया जा रहा है, इसके अन्तर्गत जनपद के अनेक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम किये जा रहे हैं। इसी के अन्तर्गत आज जनपद की महिलाओं एवं बालिकाओं को सम्मान प्रदान किया जा रहा है। महिलाओं एवं बालिकाओं को सशक्त, समृद्ध व स्वावलंबी बनाना हमारा प्रयास है। कार्यक्रम के अन्त में जनप्रतिनिधियों द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ठ कार्य करने वाली 500 महिलाओं / बालिकाओं जैसे-पुलिस विभाग, आंगनवाड़ी, विधिक क्षेत्र, उद्यम क्षेत्र, समाज सेवा इत्यादि को सम्मानित किया गया। मंच संचालन डा.पूनम शर्मा ने किया।



