दक्षिण अमेरिकी देश पेरू में 6.1 तीव्रता का जोरदार भूकंप, 41 लोग घायल

पेरू। दक्षिण अमेरिकी देश पेरू में तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। पियुरा के विभाग ने कहा कि उत्तर पश्चिमी पेरू में एक जोरदार भूकंप के बाद कम से कम 41 लोग घायल हो गए। शुक्रवार को स्थानीय समयानुसार रात्रि 12:10 बजे उत्तर-पश्चिमी पेरू में 6.1 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप का केंद्र 36 किलोमीटर जमीन के नीचे था और शहर सुलाना के पास स्थित था।
स्थानीय मीडिया के अनुसार क्षेत्रीय राजधानी पियुरा में छह और लोग घायल हुए हैं। लगभग 20 पीड़ित लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार सुलाना शहर में 35 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर है।
मालूम हो कि राष्ट्रपति पेड्रो कैस्टिलो ने भूकंप प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। भूकंप ने बुनियादी ढांचे, कई आवासीय भवनों और मंदिरों को भारी नुकसान पहुंचाया है।
जानकारी हो कि इसके पहले गुरुवार को अलास्का में 8.2 तीव्रता के भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी। अमेरिका के अलास्का प्रायद्वीप में जोरदार भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 8.2 थी। अलास्का में पेरीविल शहर से 91 किमी पूर्व-दक्षिण पूर्व में भूकंप का केंद्र था। भूकंप इतना तेज था कि इसके बाद दक्षिण अलास्का, हवाई और अलास्का प्रायद्वीप में सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी।