राजनीतिराज्य

अनुसूचित जाति समाज की आवाज बने महापुरुषों के स्मृति स्थलों का होगा जीर्णोद्धार: योगी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक के समापन सत्र को सम्बोधित करते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने अनुसूचित जाति समाज के हितों को विस्मृत कर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया। वर्तमान केन्द्र व राज्य सरकार अनुसूचित जाति के विकास एवं मुख्य धारा में शामिल करने के उद्देश्य से कार्य कर रही है। सरकार ने यह सुनिश्चित कराया कि कोई भी गरीब व्यक्ति शासन की योजनाओं से वंचित न रहने पाए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2014 में स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। स्वच्छ भारत मिशन में देश में 10 करोड़ शौचालय बनाए गए, जिससे 95 फीसदी आबादी अनुसूचित जाति, जनजाति एवं पिछड़ी जाति के लोग लाभान्वित हुए। राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में 2 करोड़ 61 लाख लोगों को शौचालय उपलब्ध कराए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन से लोगों के जीवन में अभूतपूर्व सुधार एवं बदलाव आया है। देश में ढाई करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिए गए। प्रदेश में भी प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2017 के बाद 42 लाख लोगों को आवास प्रदान किए गए। इसके अलावा, मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत भी प्रदेश के जरूरतमंदों को आवास प्रदान किये जा रहे हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत देश में 80 करोड़ लोगों को नि:शुल्क राशन दिया जा रहा है। प्रदेश में 15 करोड़ लोगों को नि:शुल्क राशन दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुसूचित जाति समाज की आवाज बने महापुरुषों के स्मृति स्थलों का जीर्णोद्धार व सौन्दर्यीकरण कराया जा रहा है, ताकि भारत की आने वाली भावी पीढ़ी महापुरुषों के व्यक्तित्व एवं कार्यों के सम्बन्ध में अवगत हो और उनके कार्यों से प्रेरणा ले।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने जातिगत राजनीति नहीं की। भाजपा ने समाज में समरसता लाने का कार्य किया। भाजपा से पहले की सरकारों ने अनुसूचित जाति, जनजाति, वंचितों, पिछड़ों के लिए कुछ नहीं किया। भाजपा सरकार ने बाबा साहब अंबेडकर के सपनों को साकार करते हुए कई जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू किया। इस अवसर पर अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, सांसद दुष्यन्त कुमार गौतम, विनोद सोनकर आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button