राष्ट्रीयस्लाइडर

पेट्रोल-डीजल के दामों पर फिर लगी आग, मुंबई में पेट्रोल की कीमत सौ के पास

नई दिल्ली। इधर कोरोना संक्रमण का दौर चल रहा है और कई राज्यों में लॉकडाउन लगा हुआ है उधर, पेट्रो मूल्य में बढ़ोत्तरी हो रही है। पेट्रोल-डीजल के दामों पर रविवार को एक बार फिर बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। दिल्ली में डीजल की कीमत 84 रुपये लीटर के ऊपर चली गई। वहीं मुंबई में पेट्रोल की कीमत 100 रुपये के करीब पहुंच गई है। इससे एक दिन पहले, शनिवार को ईंधन की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया था। इस महीने में 12वीं बार ईंधन के दामों में बढ़ोतरी की गई है। देश में पेट्रोल और डीजल के दाम रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए हैं। सार्वजनिक क्षेत्र की ईंधन खुदरा कंपनियों की अधिसूचना के अनुसार पेट्रोल के दाम में 17 पैसे लीटर और डीजल में 29 पैसे लीटर की वृद्धि की गई है। इससे देशभर में पेट्रोल-डीजल के मूल्य अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए हैं। इस वृद्धि के साथ दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 93.21 रुपये लीटर जबकि डीजल 84.07 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई। इस वृद्धि के साथ राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कई शहरों में कीमत 100 रुपये के ऊपर पहुंच गई है। मुंबई में पेट्रोल की कीमत 100 रुपये के करीब पहुंच गई है। मुंबई में अब एक लीटर पेट्रोल का दाम 99.49 रुपये जबकि डीजल 91.30 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। वैट (मूल्य वर्धित कर) जैसे स्थानीय करों और माल ढुलाई शुल्क के कारण ईंधन के दाम हर राज्य में अलग-अलग हैं। राजस्थान में पेट्रोल पर वैट सर्वाधिक है। उसके बाद मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र का स्थान है। तेल कंपनियां अंतरराष्ट्रीय बाजार में पिछले 15 दिनों में मानक ईंधन के औसत मूल्य और विनिमय दर के आधार पर रोजाना कीमतों में संशोधन करती हैं। चार मई के बाद ईंधन के दाम में यह 12वीं बार वृद्धि की गई है। उससे पहले, पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों में विधानसभा चुनावों के कारण 18 दिनों तक ईंधन के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया था। राजस्थान के श्री गंगानगर जिले में पेट्रोल और डीजल सबसे महंगा है। वहां पेट्रोल जहां 104.18 रुपये प्रति लीटर है वहीं डीजल 96.91 रुपये प्रति लीटर।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button