राज्यलेटेस्ट

अटल स्वास्थ्य मेला-2022 के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम योगी

  • बड़ी संख्या में गरीबों, किसानों, महिलाओं, नौजवानों ने अटल स्वास्थ्य मेले का लाभ लिया
  • श्रद्धेय अटल जी ने लखनऊ का प्रतिनिधित्व किया, लखनऊ के लिए यह गौरव की बात
  • केन्द्रीय रक्षा मंत्री अटल जी की लखनऊ की इस विरासत को आगे बढ़ा रहे
  • डबल इंजन की सरकार ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में अनेक मानक गढ़े
  • गांवों में टेलीकन्सल्टेशन और टेलीमेडिसिन की सुविधा उपलब्ध कराने हेतु युद्धस्तर पर कार्य कर रही
  • 6 करोड़ से अधिक लोगों को आयुष्मान भारत योजना का स्वास्थ्य बीमा कवर उपलब्ध कराया जाना बड़ी उपलब्धि
  • मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजन को कृत्रिम अंग उपकरण वितरित किए
    लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां मिनी स्टेडियम, विकास नगर में अटल स्वास्थ्य मेला-2022 के समापन कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। मुख्यमंत्री ने लखनऊवासियों और प्रदेशवासियों की ओर से देश के पूर्व प्रधानमंत्री और लखनऊ के गौरव भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जयन्ती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अटल जी की स्मृतियों को संजोये रखने और लखनऊवासियों को आरोग्यता की सम्पूर्णता के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अटल स्वास्थ्य मेले के आयोजकों को बधाई दी।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले अटल स्वास्थ्य मेले में 7,500 से अधिक तथा दूसरे अटल स्वास्थ्य मेले में 10,500 से अधिक लोगों ने इसका लाभ लिया। कल और आज इस मेले में हजारों की संख्या में लोगों ने इसका लाभ लेने के साथ-साथ केन्द्र तथा राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़कर लाभान्वित हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उन्होंने दिव्यांगजनों के साथ संवाद किया और उन्हें दिव्यांगजन कृत्रिम अंग उपकरण वितरित किए। दिव्यांगजन के पास जब सहायक उपकरण होते हैं, तो वह स्वयं को पूर्णता का अनुभव करते हुए सामान्य दिनचर्या की तरह अपने जीवन को आगे बढ़ा सकते हैं।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भावना के अनुरूप आज देश ने विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की है। यह हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है कि आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में देश, पूरी दुनिया के सामने लोकतंत्र और विकास के एक मॉडल के रूप में आगे बढ़ रहा है। आज देश की आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर ब्रिटेन को पछाड़कर भारत दुनिया की 5वीं बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी दिनों में लखनऊ में कुछ बड़े आयोजन होने वाले हैं। लखनऊवासियों और प्रदेशवासियों को इन आयोजनों से अपने आपको जोड़ने की तैयारी करनी होगी। फरवरी, 2023 में यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन होने जा रहा है। यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के आयोजन में देश और दुनिया से आने वाले 10,000 से अधिक उद्यमियों और निवेशकों के स्वागत के लिए अपने आपको तैयार करना होगा। इसके माध्यम से लाखों-करोड़ रुपये का निवेश लखनऊ और प्रदेश में आएगा। साथ ही, प्रदेश के लाखों नौजवानों के लिए नौकरी की नई सुविधाएं सृजित होंगी।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया के 20 विकसित देश जी-20 के रूप में विख्यात हैं। यह वह देश हैं, जहां दुनिया की 60 फीसदी आबादी निवास करती है। इनका दुनिया के 75 फीसदी व्यापार पर अधिकार है। इनके पास दुनिया की 85 फीसदी जीडीपी पर एकाधिकार है। इन देशों के पास दुनिया के अन्दर होने वाले 90 प्रतिशत पेटेंट का अधिकार है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत को इन 20 देशों के नेतृत्व का अवसर प्राप्त हुआ है। यह आजादी के बाद पहली बार हो रहा है। जी-20 के भी कुछ आयोजन लखनऊ में होने हैं।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक लखनऊवासी को इन आयोजनों से जुड़ना गौरव की बात है। लखनऊवासी अपने आपको इन आयोजनों से जुड़ने के लिए तैयार करें, क्योंकि लखनऊ से श्रद्धेय अटल जी की स्मृतियां जुड़ी हुई हैं। 5 बार देश की संसद में सांसद के रूप में श्रद्धेय अटल जी ने लखनऊ का प्रतिनिधित्व किया था। पूरे देश का प्रतिनिधित्व अटल जी ने लखनऊ के माध्यम से किया। यह लखनऊ के लिए गौरव की बात है। रक्षा मंत्री, भारत सरकार श्री राजनाथ सिंह जी देश को सुरक्षा का बेहतर वातावरण देकर आज अटल जी की लखनऊ की इस विरासत को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में अनेक मानक गढ़े हैं। वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज के लक्ष्य के अनुरूप मेडिकल कॉलेजों की स्थापना का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। प्रत्येक स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। गांवों में जहां चिकित्सकों की उपस्थिति नहीं हो पाती है, वहां टेलीकन्सल्टेशन और टेलीमेडिसिन की सुविधा उपलब्ध करायी जा सके, इसके लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। प्रदेश में 6 करोड़ से अधिक लोगों को आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर उपलब्ध कराया जाना, बड़ी उपलब्धि है। लेकिन अभी इसमें हमें कई मानक आगे बढ़ाने हैं। जिन लोगों के आयुष्मान कार्ड बने हैं, वे गोल्डन कार्ड अवश्य बनवा लें। स्वास्थ्य मेलों में स्वास्थ्य सम्बन्धी सभी कार्यक्रम संचालित हैं। इन मेलों में केन्द्र तथा राज्य सरकार से जुड़ी जनकल्याणकारी योजनाओं-आयुष्मान भारत, क्षय रोग से मुक्ति, प्रधानमंत्री मातृ वंदना कार्यक्रम सहित स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों द्वारा गरीब, किसान, नौजवान की स्वास्थ्य सम्बन्धी किसी भी समस्या का समाधान किया जा सकता है।
    मुख्यमंत्री ने नीरज सिंह को पूरी तन्मयता के साथ प्रतिवर्ष इस कार्यक्रम को आयोजित कराने का निर्णय लेने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि इन्होंने लगातार तीसरे वर्ष भी पूरी भव्यता और दिव्यता के साथ इस कार्यक्रम को आगे बढ़ाया है। बड़ी संख्या में गरीबों, किसानों, महिलाओं, नौजवानों ने स्वास्थ्य मेले का लाभ लिया है। इनके माध्यम से देश और प्रदेश में स्वास्थ्य के क्षेत्र में हो रहे परिवर्तन और योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया गया है।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ रक्षा मंत्री की कर्मभूमि है, उनके नेतृत्व में लखनऊ और प्रदेश विकास की नित नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। यह निरन्तर आगे बढ़ता रहेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि हम सभी भारत को दुनिया की बड़ी ताकत के रूप में स्थापित करने के प्रधानमंत्री के वर्तमान अभियान का हिस्सा बनकर फिर से उत्तर प्रदेश को देश की एक बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए कार्य करेंगे।
    इस अवसर पर पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं विधान परिषद सदस्य डा. दिनेश शर्मा, पूर्व मंत्री आशुतोष टंडन, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान, लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया, विधायक डा. नीरज बोरा, योगेश शुक्ला, अटल स्वास्थ्य मेले के संयोजक नीरज सिंह तथा अन्य उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button